AAP MLAs Join BJP : पंजाब में आप के तीन विधायक बीजेपी में शामिल, चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कुंवर विजय प्रताप सिंह, चेतन सिंह जौरामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा बीजेपी में शामिल हो गए। तीनों नेताओं के पार्टी छोड़ने से भगवंत मान सरकार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अब आप की अगली रणनीति पर सबकी नजर है।

AAP MLAs Join BJP

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

नवम्बर 2, 2026

AAP MLAs Join BJP : पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के तीन विधायक दो दिनों के भीतर अलग-अलग तरीके से पार्टी से दूर हो गए और सोमवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए। इनमें अमृतसर उत्तर से कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से चेतन सिंह जौरामाजरा और सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं। तीनों नेताओं का बीजेपी में जाना भगवंत मान सरकार और आप के लिए चुनाव से पहले बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में हुआ तीनों का स्वागत

सोमवार को दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में तीनों नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस घटनाक्रम से पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। बीजेपी को उम्मीद है कि इन नेताओं के आने से राज्य में उसका राजनीतिक आधार मजबूत होगा। वहीं, आप के सामने अपने विधायकों के लगातार पार्टी छोड़ने से संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधानसभा से दिया इस्तीफा

अमृतसर उत्तर के विधायक और पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बीजेपी में शामिल होने से पहले पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान को भेज दिया है। उन्होंने यह इस्तीफा ईमेल, व्हाट्सऐप और डाक के माध्यम से भेजा। कुंवर विजय प्रताप सिंह ने अपने सार्वजनिक संदेश में अमृतसर के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि विधायक के तौर पर उन्होंने अपने करीब 90 प्रतिशत लक्ष्यों को पूरा किया है।

चेतन और हरमीत ने रविवार को छोड़ी थी आप

कुंवर विजय प्रताप सिंह से पहले रविवार को समाना के विधायक और पूर्व मंत्री चेतन सिंह जौरामाजरा तथा पटियाला जिले की सनौर सीट से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। दोनों नेताओं ने पार्टी छोड़ने के बाद अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर संकेत दिए थे। सोमवार को दोनों ने बीजेपी की सदस्यता लेकर अपने अगले राजनीतिक कदम को स्पष्ट कर दिया।

40 उम्मीदवारों की सूची के बाद बढ़ी थी नाराजगी

आप ने हाल ही में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसके बाद पार्टी के भीतर असंतोष की खबरें सामने आने लगीं। चेतन सिंह जौरामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा की सीटों पर पार्टी ने नए हलका इंचार्ज नियुक्त किए थे। इससे दोनों विधायकों के दोबारा टिकट मिलने को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि, पार्टी ने अभी इन दोनों सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की थी।

पंजाब की राजनीति में आगे क्या होगा?

तीनों नेताओं के बीजेपी में शामिल होने से पंजाब में चुनावी मुकाबले की तैयारियां तेज होने के संकेत हैं। कुंवर विजय प्रताप सिंह पहले आईपीएस अधिकारी रहे हैं और 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले आप में शामिल हुए थे। वहीं, चेतन सिंह जौरामाजरा भगवंत मान सरकार में मंत्री रह चुके हैं। हरमीत सिंह पठानमाजरा भी सनौर से विधायक हैं। अब बीजेपी इन नेताओं को किस तरह चुनावी रणनीति में शामिल करती है और आप इस राजनीतिक नुकसान की भरपाई कैसे करती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।

Read More  : Azam Khan Supreme Court : आजम खान की ईडी गिरफ्तारी को चुनौती, CJI ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार

2