IPL 2026: आईपीएल 2026 के सीजन में अगर किसी गेंदबाज ने अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से क्रिकेट पंडितों को चौंकाया है, तो वह हैं लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव। गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में प्रिंस ने न केवल अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि आधुनिक क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली को शून्य पर बोल्ड कर सनसनी फैला दी।
प्रिंस यादव की घातक गेंदबाजी
बताते चले कि, 213 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को एक मजबूत शुरुआत की जरूरत थी। विराट कोहली क्रीज पर थे, लेकिन पारी का दूसरा ओवर लेकर आए प्रिंस यादव ने कुछ और ही सोच रखा था। प्रिंस ने अपनी दूसरी ही गेंद पर एक ऐसी जादुई इन-स्विंगर फेंकी, जिसने विराट कोहली को पूरी तरह चकमा दे दिया। गेंद कोहली के बल्ले और पैड के बीच से निकलकर सीधे स्टंप्स में जा घुसी। विराट इस मूवमेंट से इतने हैरान थे कि वह कुछ देर तक क्रीज पर ही खड़े रह गए। यह 2017 के बाद पहला मौका था जब कोहली आईपीएल में गोल्डन डक (शून्य) पर आउट हुए।
‘गुरु’ की सलाह को बनाया ‘चेले’ ने अपना सबसे बड़ा हथियार
आपको बता दे कि, मैच के बाद जब प्रिंस यादव से इस ड्रीम विकेट के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने एक दिलचस्प खुलासा किया। प्रिंस ने बताया, “पिछले मैच के बाद मेरी विराट भैया से बात हुई थी। उन्होंने मुझे सलाह दी थी कि जिस लेंथ पर पिच से मदद मिल रही हो, उसी पर टिके रहो। मैंने बस उनकी उसी बात को गांठ बांध लिया।” विडंबना यह रही कि प्रिंस ने कोहली की दी हुई उसी सीख का इस्तेमाल उन्हीं के खिलाफ किया और मैच का सबसे बड़ा विकेट हासिल कर लिया।
RCB की हार और LSG के मैच विनर्स का प्रदर्शन
इस मुकाबले में प्रिंस यादव ने 4 ओवर के कोटे में 33 रन देकर कुल 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। विराट के अलावा उन्होंने मध्यक्रम के बल्लेबाजों देवदत्त पड्डिकल और जितेश शर्मा को भी पवेलियन भेजा। प्रिंस की इस घातक गेंदबाजी की बदौलत आरसीबी की टीम 213 रनों के लक्ष्य के जवाब में 203 रन ही बना सकी और 9 रनों से मैच हार गई। लखनऊ की जीत में प्रिंस के अलावा मिशेल मार्श का भी बड़ा योगदान रहा, जिन्होंने महज 56 गेंदों पर 111 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेली।
पर्पल कैप की रेस में प्रिंस यादव की लंबी छलांग
प्रिंस यादव अब इस सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं। 10 मैचों के बाद उनके नाम 16 विकेट दर्ज हो चुके हैं। वह वर्तमान में भुवनेश्वर कुमार और अंशुल कंबोज के बाद सीजन के तीसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। उनकी निरंतरता और दबाव में शांत रहकर गेंदबाजी करने की क्षमता ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के अगले उभरते सितारे के रूप में स्थापित कर दिया है।










