Prateek Yadav Death: मुलायम यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की मौत, पोस्टमार्टम हाउस पहुंच रहे सपा चीफ

समाजवादी पार्टी के संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव का लखनऊ के सिविल अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। भाई अखिलेश यादव ने भावुक श्रद्धांजलि दी है और केजीएमयू पहुँच रहे हैं। सैफई में मातम छाया हुआ है और डिंपल यादव ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।

Prateek Yadav Death

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मई 13, 2026

Prateek Yadav Death: समाजवादी परिवार के लिए आज का दिन अत्यंत पीड़ादायक रहा। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के अनुज प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन हो गया है। इस दुखद समाचार के मिलते ही उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों और यादव परिवार के पैतृक गांव सैफई में मातम छा गया है।

अखिलेश यादव की भावुक श्रद्धांजलि

बताते चले कि, अपने छोटे भाई के निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतीक यादव की तस्वीर साझा करते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट की। अखिलेश यादव ने लिखा, “प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि।” शोक की इस घड़ी में अखिलेश यादव तुरंत किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के लिए रवाना हो गए, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संपन्न होनी है।

सांसद डिंपल यादव ने रद्द किए सभी राजनीतिक कार्यक्रम

आपको बता दे कि, परिवार में आई इस अचानक विपदा के कारण सपा सांसद और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने भी अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इस कठिन समय में एकजुट हैं। लखनऊ के सिविल अस्पताल से लेकर केजीएमयू तक पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का तांता लगा हुआ है, जो अपने नेता के परिवार को ढांढस बंधाने पहुँच रहे हैं।

सैफई और इटावा में पसरा सन्नाटा

मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद सैफई की जनता के लिए उनके पुत्र ही उनकी यादों का सहारा थे। सैफई में शोक की लहर इस कदर है कि वहां सन्नाटा पसर गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नेताजी के जाने के बाद प्रतीक यादव के रूप में उन्होंने अपना एक और अंश खो दिया है। इटावा और आसपास के जिलों में प्रतीक के व्यवहार और उनकी सरल छवि को याद कर लोग स्तब्ध हैं।

सिविल अस्पताल में मृत घोषित किए गए प्रतीक

प्रतीक यादव के स्वास्थ्य और मृत्यु के कारणों पर सिविल अस्पताल के एमएस डॉक्टर डीसी पांडेय ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया, तब वे अचेत थे। डॉक्टरों के गहन परीक्षण के बाद पाया गया कि उनके शरीर में कोई हलचल नहीं थी और उन्हें मृत अवस्था (Brought Dead) में घोषित कर दिया गया। अस्पताल में उस वक्त उनके कुछ करीबी रिश्तेदार मौजूद थे, जो इस अनहोनी से गहरे सदमे में दिखे।

साधना गुप्ता के पुत्र और निजी जीवन का संक्षिप्त परिचय

जानकारी के लिए बता दें कि प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। यद्यपि वे सक्रिय राजनीति की चकाचौंध से दूर रहे, लेकिन जिम और रियल एस्टेट के क्षेत्र में उनकी सक्रियता जगजाहिर थी। उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में भाजपा की नेता हैं। हालांकि कुछ समय पहले उनके वैवाहिक जीवन को लेकर मीडिया में अटकलें तेज हुई थी, लेकिन हाल ही में इस दंपत्ति को अपने बच्चों के साथ सुखद पलों में देखा गया था, जिसकी तस्वीरें अपर्णा ने स्वयं साझा की थी. प्रतीक यादव का असमय जाना न केवल यादव कुनबे के लिए, बल्कि उनके चाहने वालों के लिए एक अपूरणीय क्षति है।