Prashant Tamang Death: संगीत की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। साल 2007 में अपनी आवाज से पूरे देश का दिल जीतने वाले प्रशांत तमांग का हार्ट फेलियर के कारण निधन हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशांत दिल्ली के जनकपुरी स्थित अपने निवास पर थे, जब उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। उन्हें तुरंत द्वारका के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हैरानी की बात यह है कि प्रशांत को पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या नहीं थी। वह हाल ही में अरुणाचल प्रदेश में एक संगीत कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा कर दिल्ली लौटे थे। उनके आकस्मिक प्रस्थान ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे मनोरंजन उद्योग को स्तब्ध कर दिया है।
कोलकाता पुलिस के सिपाही से संगीत के शिखर तक का सफर
बताते चले कि, प्रशांत तमांग का जीवन संघर्ष और सफलता की एक प्रेरणादायक कहानी रहा है। 4 जनवरी 1983 को जन्मे प्रशांत ने बहुत कम उम्र में ही अपने पिता को खो दिया था। परिवार की जिम्मेदारी निभाने के लिए उन्होंने कोलकाता पुलिस में कांस्टेबल (Police Constable) की नौकरी जॉइन की। ड्यूटी के साथ-साथ संगीत के प्रति उनका जुनून कम नहीं हुआ और वह पुलिस ऑर्केस्ट्रा के साथ जुड़कर अपनी कला को निखारते रहे।
इंडियन आइडल 3 की जीत और ‘धन्यवाद’ एल्बम की सफलता
आपको बता दे कि, साल 2007 प्रशांत तमांग के जीवन का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। उन्होंने इंडियन आइडल सीजन 3 (Indian Idol 3 Winner) में हिस्सा लिया और अपनी सादगी और सुरीली आवाज से जनता का भरपूर प्यार पाया। खिताब जीतने के बाद उन्होंने अपना पहला सोलो एल्बम ‘धन्यवाद’ रिलीज किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद उन्होंने देश-विदेश में अनगिनत लाइव कॉन्सर्ट किए और खुद को एक सफल प्लेबैक सिंगर के रूप में स्थापित किया।
सीएम ममता बनर्जी ने जताया शोक
प्रशांत तमांग के निधन की खबर मिलते ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि इंडियन आइडल फेम (Indian Idol Fame) के लोकप्रिय गायक और राष्ट्रीय स्तर के कलाकार प्रशांत तमांग के असमय निधन से वह अत्यंत दुखी हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि प्रशांत का जुड़ाव दार्जिलिंग की पहाड़ियों (Darjeeling Hills) से था, जिसने उन्हें बंगाल के हर घर का चहेता बना दिया था। उनके चले जाने से संगीत और कला के क्षेत्र में एक ऐसा शून्य पैदा हो गया है जिसे भरना मुश्किल है।
अभिनय की दुनिया में भी अपनी धाक जमाई
प्रशांत केवल गायकी तक सीमित नहीं रहे, उन्होंने अभिनय की दुनिया में भी अपनी धाक जमाई। साल 2010 में उन्होंने सुपरहिट नेपाली फिल्म ‘गोरखा पलटन’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘निशानी’, ‘परदेशी’ और ‘अंगालो यो माया को’ जैसी कई चर्चित फिल्मों में काम किया। हाल ही में वेब सीरीज पाताल लोक सीजन 2 (Paatal Lok 2) में उनके अभिनय को आलोचकों और प्रशंसकों द्वारा काफी सराहा गया था।
सलमान खान की फिल्म नजर आएगा आखिरी अभिनय
प्रशांत तमांग आने वाले समय में बॉलीवुड के मेगास्टार सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ (Battle of Galwan) में एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देने वाले थे। यह फिल्म उनके करियर के लिए एक बड़ा पड़ाव मानी जा रही थी। हालांकि, फिल्म की रिलीज से पहले ही उनका चले जाना उनके प्रशंसकों के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। प्रशांत तमांग को उनकी विनम्रता और मधुर संगीत के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।










