
Team India Chief Selector: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को टीम इंडिया की चयन समिति को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को पुरुष क्रिकेट टीम का नया चीफ सिलेक्टर बनाया गया है। वह अजीत अगरकर की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म हो गया था। इसके बाद से 40 साल के प्रज्ञान ओझा अंतरिम प्रमुख के तौर पर काम कर रहे थे। अब बीसीसीआई ने उन्हें चयन समिति की स्थायी कमान सौंप दी है।
ओझा को यह जिम्मेदारी टेस्ट मैचों के अनुभव के आधार पर मिली है। उन्होंने भारत के लिए 24 टेस्ट, 18 वनडे और 2 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर जून 2008 से नवंबर 2013 तक रहा। भारतीय टीम में रहते हुए ओझा ने अपनी स्पिन गेंदबाजी से खास पहचान बनाई थी। अब उनके सामने टीम के लिए सही खिलाड़ियों का चयन करने और भविष्य की मजबूत टीम तैयार करने की जिम्मेदारी होगी।
रमेश पवार को पुरुष चयन समिति में मिली जगह
बीसीसीआई ने पुरुष चयन समिति में पश्चिम क्षेत्र से रमेश पवार को भी शामिल किया है। वह पूर्व भारतीय क्रिकेटर और अनुभवी कोच हैं। बोर्ड की क्रिकेट एडवाइजरी कमिटी (सीएसी) ने चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद पवार के नाम की सिफारिश की थी। इस कमिटी में अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल थे।

बीसीसीआई के मुताबिक, सीएसी ने चयन प्रक्रिया के तहत मिले आवेदनों की जांच की और उम्मीदवारों के इंटरव्यू के लिए बोर्ड मुख्यालय में बैठक की। इसके बाद सर्वसम्मति से रमेश पवार को पुरुष चयन समिति में शामिल करने की सिफारिश की गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पद के लिए पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर समेत चार से पांच उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया था। जाफर भारत की ओर से 31 टेस्ट मैच खेल चुके हैं।
कौन हैं रमेश पवार? कोचिंग में भी रहा है अनुभव
रमेश पवार भारतीय क्रिकेट में खिलाड़ी और कोच, दोनों भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में भारत के लिए 2 टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले। क्रिकेट से जुड़ी उनकी दूसरी पारी भी काफी अहम रही है। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के अलावा मुंबई और गुजरात की टीमों के मुख्य कोच रह चुके हैं। उन्होंने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी भी संभाली है।
कोच के तौर पर पवार की उपलब्धियों में भारतीय महिला टीम को एशिया कप का खिताब दिलाने और कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने में भूमिका निभाना शामिल है। अब पुरुष चयन समिति में शामिल होने के बाद उनका अनुभव खिलाड़ियों के चयन और टीम की रणनीति से जुड़े फैसलों में काम आ सकता है।
पांच सदस्यीय चयन समिति में कौन-कौन शामिल?

प्रज्ञान ओझा और रमेश पवार के अलावा पुरुष चयन समिति में शिव सुंदर दास, आरपी सिंह और अजय रात्रा शामिल हैं। इस पांच सदस्यीय समिति की जिम्मेदारी भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन करना और टीम के भविष्य को ध्यान में रखते हुए फैसले लेना है। ऐसे में आने वाली अंतरराष्ट्रीय सीरीज और बड़े टूर्नामेंट के लिए टीम चुनने में समिति की भूमिका अहम रहेगी।
BCCI ने अजीत अगरकर के योगदान को सराहा
नए चीफ सिलेक्टर की नियुक्ति के साथ बीसीसीआई ने पूर्व चयन समिति प्रमुख अजीत अगरकर के काम की भी तारीफ की है। बोर्ड ने कहा कि जुलाई 2023 में नियुक्ति के बाद अगरकर ने भारतीय क्रिकेट के अहम दौर में चयन समिति का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम ने तीन आईसीसी ट्रॉफी और दो एशिया कप खिताब जीते। इसके अलावा भारत ने लगातार दो एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक भी हासिल किए।
बीसीसीआई ने अगरकर की प्रतिबद्धता, दृढ़ विश्वास और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की सराहना की। अब प्रज्ञान ओझा के सामने इसी जिम्मेदारी को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी। क्रिकेट फैंस की नजर इस बात पर रहेगी कि नई चयन समिति आने वाले मुकाबलों के लिए टीम इंडिया का चयन किस तरह करती है।











