PM Modi Uzbekistan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर उज़्बेकिस्तान पहुंचे हैं। ताशकंद पहुंचने के बाद उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री के इस दौरे का मकसद भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच सहयोग के नए रास्ते तलाशना है। मध्य एशिया में भारत की बढ़ती सक्रियता के बीच पीएम मोदी का यह दौरा खास महत्व रखता है।
PM Modi Uzbekistan Visit में योग कार्यक्रम में शामिल हुए प्रधानमंत्री
बताते चले कि, उज़्बेकिस्तान पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज़्बेकिस्तान योग फेडरेशन की ओर से आयोजित एक विशेष योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम मोदी लोगों के साथ योग करते और उन्हें योग के विभिन्न अभ्यास करवाते नजर आए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। योग के जरिए भारत की संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी दिया गया।
भारत-उज़्बेकिस्तान संबंधों पर PM Modi और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव की अहम बैठक
योग कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी की उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होनी है। दोनों नेताओं की बैठक में भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है।
व्यापार और सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव की बातचीत में व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है। दोनों देश लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने और आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा कर सकते हैं। भारत मध्य एशिया के देशों के साथ अपने संबंधों को लगातार विस्तार दे रहा है और उज़्बेकिस्तान इस रणनीति में एक अहम साझेदार माना जाता है।
ताशकंद में PM Modi ने देखी भारत-उज़्बेक संस्कृति की शानदार झलक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उज़्बेकिस्तान दौरे में कूटनीतिक बैठकों के साथ सांस्कृतिक जुड़ाव भी देखने को मिला। ताशकंद में भारतीय समुदाय की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भारतीय और उज़्बेक संस्कृति से जुड़ी कई प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कार्यक्रम में कथक के साथ पारंपरिक अंदिजान पोल्का नृत्य ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।
उज़्बेक बच्चों ने हिंदी गाने पर किया डांस
सांस्कृतिक कार्यक्रम का सबसे खास पल तब देखने को मिला, जब उज़्बेकिस्तान के छोटे बच्चों ने मशहूर हिंदी गीत ‘उड़े जब-जब जुल्फें तेरी’ पर शानदार नृत्य प्रस्तुति दी। बच्चों की प्रस्तुति को प्रधानमंत्री मोदी ने ध्यान से देखा और इसका आनंद लिया। इस दौरान भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच सांस्कृतिक रिश्तों की खूबसूरत तस्वीर सामने आई।
भारतीय तबले और उज़्बेक वाद्य यंत्रों का संगम बना खास आकर्षण
कार्यक्रम में संगीत की एक विशेष प्रस्तुति भी पेश की गई। इसमें भारतीय तबले के साथ उज़्बेकिस्तान के पारंपरिक वाद्य यंत्र दोइरा और चांग का इस्तेमाल किया गया। दोनों देशों के पारंपरिक संगीत का यह मेल सांस्कृतिक साझेदारी की अनूठी मिसाल बना। संगीत की इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भारत और उज़्बेकिस्तान की साझा सांस्कृतिक नजदीकी को और मजबूत किया।
रणनीतिक और सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी नई गति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उज़्बेकिस्तान दौरा केवल राजनीतिक और रणनीतिक बातचीत तक सीमित नहीं है। योग कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए दोनों देशों के बीच लोगों से लोगों के जुड़ाव को भी प्रमुखता दी गई है। अब राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ होने वाली बातचीत पर नजर रहेगी, जहां दोनों देशों के भविष्य के सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को लेकर महत्वपूर्ण फैसलों की उम्मीद है।










