PM Modi Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ को संबोधित करते हुए देश के युवाओं को विकसित भारत का स्पष्ट मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सफलता ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाती है। पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा उन्हें भी नई ऊर्जा देती है और यही ऊर्जा भारत को आगे बढ़ाने की ताकत बनेगी। उन्होंने युवाओं से “राष्ट्र प्रथम” की भावना को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
युवाओं का सामर्थ्य ही बनेगा भारत की ताकत
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जब युवा आगे बढ़ते हैं, तो पूरा देश आगे बढ़ता है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं का सामर्थ्य ही आने वाले वर्षों में भारत का सामर्थ्य बनेगा। पीएम मोदी ने कहा कि युवा केवल अपने करियर के बारे में न सोचें, बल्कि अपने हर प्रयास में देश और समाज के हित को प्राथमिकता दें।
स्वामी विवेकानंद जयंती पर प्रेरणादायक संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने याद दिलाया कि आज स्वामी विवेकानंद की जन्म जयंती है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी हर युवा के लिए उतने ही प्रासंगिक और प्रेरणादायक हैं। कैसे जीवन को नेशन फर्स्ट की भावना से जिया जाए, कैसे हर काम में समाज और देश का हित देखा जाए—इसका सबसे बड़ा उदाहरण स्वामी विवेकानंद का जीवन है। पीएम मोदी ने कहा कि उनके विचार आज के युवाओं को सही दिशा दिखाने का काम करते हैं।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग बना बड़ा मंच
प्रधानमंत्री ने खुशी जताई कि बहुत कम समय में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग एक बड़ा और प्रभावशाली मंच बन गया है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां देश की विकास दिशा तय करने में युवाओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित की गई है। करोड़ों युवाओं का इस पहल से जुड़ना और अपने विचार साझा करना अपने आप में अभूतपूर्व है।पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें देश के युवाओं पर पूरा भरोसा है। इसी भरोसे के कारण सरकार ने युवाओं के लिए एक अलग और नई राह चुनी है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सोच, उनके आइडिया और उनका जोश भारत को वैश्विक मंच पर मजबूत बनाएगा। सरकार ने युवाओं की जरूरतों और आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए एक के बाद एक नई योजनाएं शुरू की हैं।
स्टार्टअप रिवोल्यूशन और जोखिम लेने का संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई योजनाओं से ही भारत में स्टार्टअप रिवोल्यूशन ने असली गति पकड़ी। उन्होंने भारत की Zen-G यानी नई पीढ़ी से अपील की कि वे जोखिम लेने से पीछे न हटें। पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर कदम पर युवाओं के साथ खड़ी है और उनके सपनों को साकार करने में सहयोग करेगी।अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब युवा पूरी ताकत और सकारात्मक सोच के साथ आगे आएंगे। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे नेतृत्व करें, नवाचार करें और देश को नई दिशा देने में अपनी भूमिका निभाएं।
Read More : योग से ही सशक्त होगा युवा भारत : मंत्री सुश्री भूरिया










