
PM Modi Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि जब दुनिया ईरान युद्ध और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही है, तब विपक्ष देश में अफवाहें फैलाकर लोगों को डराने का काम कर रहा है। उन्होंने किसानों को खाद की कमी और महिलाओं को रसोई गैस न मिलने की आशंकाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने मुश्किल हालात में भी आम लोगों पर महंगाई का बोझ नहीं पड़ने दिया। इसी दौरान उन्होंने राहुल गांधी के करीब नौ साल पुराने ‘आलू से सोना’ वाले बयान पर भी तंज कसा।
ईरान युद्ध के बीच भारत की मजबूती पर बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस समय दुनिया के कई देश मुश्किल हालात से गुजर रहे हैं। खाड़ी क्षेत्र में ईरान से जुड़ा युद्ध चल रहा है और इसका असर दुनियाभर की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। ऐसे समय में भारत मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है।पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को देश को मुश्किल में देखने में आनंद आता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भारत को एकजुट होकर चुनौतियों का सामना करना चाहिए, तब विपक्ष के कुछ नेता अफवाहें फैलाकर लोगों को डराने में लगे हुए हैं।
किसानों को खाद और महिलाओं को गैस की कमी का डर दिखाया गया: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने किसानों के बीच यह डर फैलाने की कोशिश की कि उन्हें खाद नहीं मिलेगी। वहीं, महिलाओं को रसोई गैस की किल्लत होने की बात कहकर परेशान किया गया।उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का मकसद देश में अफरा-तफरी का माहौल पैदा करना और सरकार को बदनाम करना था। पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने पहले ही देश के किसानों, बहनों और भाइयों को भरोसा दिया था कि मुश्किल समय में सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
उन्होंने आगे कहा कि युद्ध के चलते दुनिया में खाद की कीमतें काफी बढ़ गई हैं, लेकिन इसका बोझ भारतीय किसानों पर नहीं पड़ने दिया गया। सरकार ने खाद की उपलब्धता बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं।
DAP की कीमतों पर भी बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने खाद की कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद काफी महंगी हो गई है, लेकिन भारत में किसानों को राहत दी जा रही है।उन्होंने बताया कि जिस खाद की बोरी की कीमत करीब 3,000 रुपये पड़ती है, उसे किसानों को लगभग 300 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी तरह दुनिया में डीएपी की कीमत 5,000 रुपये से ज्यादा होने के बावजूद भारत में किसानों को यह 1,300 रुपये में दी जा रही है।


पीएम मोदी ने कहा कि अनिश्चितता से भरी दुनिया में भारत की तेज विकास दर पूरी दुनिया के लिए उम्मीद की किरण बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि सरकार किसानों को वैश्विक परिस्थितियों के असर से बचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
राहुल गांधी के ‘आलू से सोना’ वाले बयान पर पीएम मोदी का तंज
अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुराने ‘आलू से सोना’ वाले बयान पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि बनासकांठा का आलू आज दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुका है।पीएम मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि बनासकांठा का कोई व्यक्ति यह नहीं कहेगा कि वह आलू से सोना बनाएगा। यहां के लोग तो पहले से ही सोना बना रहे हैं। उनके इस बयान को राहुल गांधी पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।
क्या था राहुल गांधी का 9 साल पुराना आलू से सोना बनाने वाला बयान?
दरअसल, राहुल गांधी का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। करीब नौ साल पहले गुजरात के पाटन में एक चुनावी रैली के दौरान उन्होंने आलू से सोना बनाने वाली मशीन का जिक्र किया था।वायरल वीडियो में राहुल गांधी कहते सुनाई दिए थे कि ऐसी मशीन लगाई जाएगी, जिसमें एक तरफ से आलू डालने पर दूसरी तरफ से सोना निकलेगा। हालांकि, उनके पूरे बयान का संदर्भ कुछ अलग था। राहुल गांधी ने कहा था कि ये शब्द उनके नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हैं।
लेकिन सोशल मीडिया पर उनके भाषण का अधूरा वीडियो वायरल होने के बाद यह बयान लंबे समय तक राजनीतिक बहस और मजाक का विषय बना रहा। अब बनासकांठा में पीएम मोदी ने एक बार फिर इसी बयान का जिक्र कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है।











