PM Modi on Summer Crisis: देश के बड़े हिस्से में सूर्यदेव का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है और पारा लगातार नए रिकॉर्ड तोड़ रहा है। भीषण गर्मी और लू (Heatwave) के थपेड़ों से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। भारत में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के इस संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नागरिकों से अधिकतम सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए देशवासियों को न सिर्फ सेहत दुरुस्त रखने के मंत्र दिए, बल्कि इस कठिन मौसम में एक-दूसरे की मदद करने और नेकी की राह पर चलने की अनूठी सलाह भी दी है।
सिंहस्थ 2028 में शिप्रा स्नान का मिलेगा दिव्य लाभ, CM डॉ. यादव का बड़ा ऐलान
बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ख्याल’
प्रधानमंत्री मोदी ने देश में लगातार बढ़ रहे पारे पर चिंता जताते हुए कहा कि दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कठिनाइयां काफी बढ़ गई हैं। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की हिदायत देते हुए कहा, भीषण गर्मी के इस दौर में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मजबूरी में चिलचिलाती धूप में बाहर काम करने वाले मजदूर व कामकाजी लोग सबसे ज्यादा असुरक्षित होते हैं।
पीएम ने साफ तौर पर सचेत किया कि गर्मी के कारण होने वाली शारीरिक थकावट, डिहाइड्रेशन या चक्कर आने जैसे लक्षणों को हल्के में लेना या नजरअंदाज करना सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
पीएम मोदी की देशवासियों से अपील
प्रधानमंत्री ने आम जनता से अपने दैनिक व्यवहार में छोटे-छोटे बदलाव करने का आग्रह किया है। उन्होंने लिखा, “मैं सभी देशवासियों से पुरजोर आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें। कृपया पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और स्वयं को हमेशा हाइड्रेटेड रखें। जब भी किसी जरूरी काम से घर से बाहर निकलें, तो पानी की बोतल अपने साथ रखना कभी न भूलें।”
इस मौसम में ‘नेकी’ करने की दी सलाह
प्रधानमंत्री मोदी ने इस चुनौतीपूर्ण समय में समाज में संवेदनशीलता और करुणा की भावना जगाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मौसम में आपकी छोटी सी संवेदनशीलता भी किसी के लिए बहुत बड़ा सहारा बन सकती है।
पीएम ने कहा, “अगर संभव हो, तो अपने सामने से गुजरने वाले किसी भी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी अवश्य पिलाएं। मैं दिल से ऐसे सेवाभावी लोगों की सराहना करता हूँ जो इस चिलचिलाती धूप में राहगीरों के लिए अपने घरों और दुकानों के बाहर मटके या ठंडे पानी के प्याऊ की व्यवस्था करते हैं।”
इसके साथ ही उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लोगों को अपने पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि समय मिलते ही अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और प्रियजनों को फोन कर उनका हालचाल जानें। उन्हें दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने और पर्याप्त आराम करने की सलाह दें।
बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए ‘जीवनदान’ बनने की अपील
इंसानों के साथ-साथ इस प्रचंड गर्मी का सबसे बुरा असर बेजुबान जीव-जंतुओं पर पड़ रहा है। पीएम मोदी ने देशवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि इस प्रचंड गर्मी में हमें अपने आसपास के पशु-पक्षियों को बिल्कुल नहीं भूलना चाहिए। अपने घर की बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा सा बर्तन या सकोरा जरूर रखें। आपका यह छोटा सा प्रयास किसी प्यासे पक्षी या जानवर के लिए इस तपती गर्मी में जीवनदान साबित हो सकता है।
देश में ‘नौतपा’ की शुरुआत
मौसम के मिजाज की बात करें तो देश में 25 जून से ‘नौतपा’ की शुरुआत हो चुकी है, जिसने आते ही अपना प्रचंड असर दिखाना शुरू कर दिया है। ज्योतिषीय और वैज्ञानिक मान्यताओं के अनुसार, नौतपा के इन 9 दिनों में सूर्य पृथ्वी के सबसे नजदीक होता है, जिससे भीषण गर्मी पड़ती है। सुबह की शुरुआत होते ही तेज और चुभने वाली धूप के साथ चल रही गर्म हवाओं (लू) ने लोगों का घरों से बाहर निकलना दूभर कर दिया है। इसी भौगोलिक संकट को देखते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
CM डॉ. यादव आज करेंगे ‘सदानीरा समागम’ का शुभारंभ, भारत भवन में होगा आयोजन










