Mamata Banerjee on PM Modi CM Meeting: ईंधन संकट पर पीएम मोदी की बड़ी बैठक! क्या फिर लगेगा देश में लॉकडाउन?

पश्चिम एशिया में ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज जलमार्ग के बाधित होने से भारत में तेल और LPG की सप्लाई पर संकट मंडरा रहा है। इस बीच पीएम मोदी आज राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। वहीं, बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने ईंधन संकट के बहाने देश में फिर से लॉकडाउन लगाए जाने की आशंका जताकर सियासी हलचल तेज कर दी है।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 27, 2026

Mamata Banerjee on PM Modi CM Meeting: पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच गहराते सैन्य तनाव ने वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ-साथ भारत की आंतरिक राजनीति में भी हलचल पैदा कर दी है। सामरिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलमार्ग (Strait of Hormuz) में जारी गतिरोध के कारण कच्चे तेल और एलपीजी की वैश्विक आपूर्ति शृंखला बुरी तरह प्रभावित हुई है। इस आपातकालीन स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार ने सुरक्षा और संसाधनों के प्रबंधन के लिए कमर कस ली है।

पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक

बताते चले कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी शुक्रवार को देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल संवाद करेंगे। इस बैठक का मुख्य एजेंडा पश्चिम एशिया युद्ध के कारण पैदा हुए ऊर्जा संकट और फ्यूल सप्लाई (Fuel Supply Chain) की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करना है। सरकार का प्रयास है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता के बावजूद देश के भीतर पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की किल्लत न होने पाए। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि चुनावी राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और केरल के मुख्यमंत्रियों को इस प्रशासनिक चर्चा से बाहर रखा गया है।

ममता बनर्जी द्वारा फिर से राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की आशंका

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि ईंधन और रसद की कमी का बहाना बनाकर केंद्र सरकार एक बार फिर देशव्यापी तालाबंदी (Lockdown) जैसा सख्त कदम उठा सकती है। सीएम ममता ने गुरुवार को एक जनसभा में कहा कि जिस तरह 2021 में कोरोना महामारी के दौरान लोगों को घरों में सीमित कर दिया गया था, वैसी ही स्थिति दोबारा पैदा करने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने इसे भाजपा की एक राजनीतिक चाल करार दिया।

एलपीजी सिलेंडर वितरण में देरी

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विशेष रूप से बंगाल में एलपीजी आपूर्ति में हो रही देरी (LPG Supply Disruption) पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान में गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद डिलीवरी मिलने में 25 से 35 दिनों का समय लग रहा है। ममता ने सवाल उठाया कि “यदि किसी परिवार का गैस सिलेंडर अचानक खत्म हो जाए, तो क्या वह 25 दिनों तक भूखा रहेगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि आपूर्ति व्यवस्था चरमराने के कारण गरीब जनता एक बार फिर पारंपरिक चूल्हों और लकड़ी पर निर्भर होने को मजबूर हो गई है।

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार को घेरा

आगामी चुनावों के मद्देनजर ममता बनर्जी ने केंद्र की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तुलनात्मक आंकड़े पेश करते हुए कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने से पहले जो सिलेंडर 400 रुपये का था, वह आज 1100 रुपये के पार पहुंच चुका है। उन्होंने सीधे तौर पर पूछा कि क्या भाजपा चाहती है कि लोग बढ़ती महंगाई (Inflation) और ईंधन की किल्लत के डर से घरों में कैद रहें? हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे कितनी भी पाबंदियां लगाई जाएं, वह चुनावी मैदान में भाजपा का मुकाबला करना नहीं छोड़ेंगी।