PM Modi: ‘कट्टर बेईमान’ पार्टी का पर्दाफाश? जालंधर से पीएम मोदी ने पंजाब सरकार को दी बड़ी चेतावनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में रेल सेवाओं और एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने पंजाब की 'आप' सरकार पर कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार विज्ञापनों के दम पर अपनी विफलता छिपा रही है और असली बदलाव केवल भाजपा ही ला सकती है।

PM Modi

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जुलाई 17, 2026

PM Modi:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जालंधर में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर पंजाब को बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने अमृतसर-काशी नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई, जिससे गुरु रविदास जी के भक्तों के लिए काशी की यात्रा सुगम हो जाएगी। इसके साथ ही दौलतपुर चौक-करटोली नई रेलवे लाइन, लुधियाना बाईपास का शिलान्यास और दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक और खंड का लोकार्पण किया गया। पीएम ने स्पष्ट किया कि पंजाब में भाजपा की सरकार न होने के बावजूद, केंद्र की एनडीए सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पिछली सरकारों और कांग्रेस पर जोरदार हमला

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने 2014 से पहले के रेलवे के हालात पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल नए स्टेशनों की झूठी घोषणाएं करती थी और वास्तविक धरातल पर काम नहीं होता था। उन्होंने आरोप लगाया कि अंग्रेजों के जमाने में बने स्टेशनों की स्थिति सुधारने की सुध तक कांग्रेस ने नहीं ली। पीएम ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है और भारत के बुनियादी ढांचे (Infrastructure) को आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है, जो पहले की सरकारों में नदारद था।

आप सरकार को ‘कट्टर बेईमान’ करार दिया

पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कानून-व्यवस्था, नशाखोरी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में गैंगवार, फिरौती और थानों पर हमले आम हो गए हैं, जिससे व्यापार करना मुश्किल हो गया है। पीएम ने कहा कि पंजाब में विज्ञापन के जरिए सच्चाई को छिपाया जा रहा है। उन्होंने ‘आप’ नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वसूली, उगाही और अवैध कब्जा ही इनकी राजनीति की पहचान बन चुकी है। उन्होंने दिल्ली और गुजरात के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि इनकी ईमानदारी का दावा केवल ढोंग है और पूरा देश इनकी ‘कट्टर बेईमान’ वाली सच्चाई देख रहा है।