PM Modi Israel Visit: यरुशलम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ डिनर से पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर सबको चौंका दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया जिसमें वे सफेद फुल स्लीव शर्ट, हल्के ग्रे रंग की स्लीवलेस जैकेट और डार्क रंग की फॉर्मल पैंट पहने नजर आए। यह जैकेट भारतीय पारंपरिक शैली की झलक देती थी। उन्होंने हिंदी में पोस्ट कर लिखा कि उन्होंने अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को भारतीय परिधान पहनकर आश्चर्यचकित किया।
इस्राइल के साथ खड़ा भारत: संसद में पीएम मोदी ने कहा—हमास हमले के बाद आपका दर्द हमारा भी है
नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री

पीएम मोदी ने यरुशलम में इजरायल की संसद नेसेट के विशेष पूर्ण सत्र को संबोधित किया। इस तरह वे इजरायल की संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। नेसेट पहुंचने पर स्पीकर अमीर ओहाना ने उनका स्वागत किया और औपचारिक सम्मान दिया। मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत स्पीकर को धन्यवाद देकर की और ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट’ पदक से सम्मानित किए जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस सम्मान को भारत और इजरायल की स्थायी मित्रता और साझा लोकतांत्रिक परंपराओं को समर्पित किया।
भारत-इजरायल संबंधों पर जोर
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भारत और इजरायल के प्राचीन सभ्यतागत संबंधों के साथ-साथ टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, रक्षा, सुरक्षा और रणनीतिक तालमेल पर आधारित आधुनिक साझेदारी पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि कृषि, ग्रामीण विकास, जल प्रबंधन, स्थिरता और उद्यम जैसे क्षेत्रों में सहयोग ने दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई दी है।
आतंकवाद पर सख्त रुख
पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत और इजरायल की जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराया। उन्होंने 7 अक्टूबर को इजरायल में हुए आतंकी हमले पर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस तरह की क्रूरता को किसी भी रूप में उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने वाले सभी प्रयासों को भारत का पूर्ण समर्थन देने की पेशकश की।









