PM Modi Melody Gift: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच देशों की आधिकारिक यात्रा के आखिरी पड़ाव में कुछ ऐसा हुआ, जिसने सोशल मीडिया से लेकर भारत के सियासी गलियारों तक हलचल तेज कर दी है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ एक बेहद अनौपचारिक और दोस्ताना वीडियो साझा किया है, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पीएम मोदी उन्हें मशहूर ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट करते नजर आ रहे हैं, जिस पर अब देश के भीतर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताया है।
मेलोनी का वायरल वीडियो
बताते चले कि, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ (ट्विटर) पर एक छोटा सा वीडियो क्लिप पोस्ट किया है। वीडियो में वह बेहद खुश नजर आ रही हैं और कह रही हैं, “प्रधानमंत्री मोदी ने मुझे एक बहुत ही खूबसूरत तोहफा दिया है, जो कि एक बेहद स्वादिष्ट टॉफी है।” इसके तुरंत बाद दोनों राष्ट्रप्रमुख एक साथ मुस्कुराते हुए ‘मेलोडी’ बोलते हैं और खिलखिलाकर हंस पड़ते हैं। यह वीडियो देखते ही देखते पूरी दुनिया में ट्रेंड करने लगा।
विपक्ष का करारा हमला
आपको बता दे कि, इस वीडियो के सामने आते ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “देश के किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे कारोबारी आर्थिक तंगहाली से जूझ रहे हैं, रो रहे हैं—और हमारे प्रधानमंत्री विदेश में हंसकर रील बना रहे हैं, जबकि भाजपा के लोग इस पर तालियां पीट रहे हैं।” उन्होंने देश के मौजूदा आर्थिक हालात का हवाला देते हुए इसे नेतृत्व नहीं, बल्कि ‘नौटंकी’ करार दिया।
रोम के कोलेसियम में दोनों नेताओं की खास मुलाकात
दरअसल, यह वाकया दोनों नेताओं के बीच हुए एक विशेष कार्यक्रम के दौरान का है। पीएम मोदी ने इटली की राजधानी रोम में पीएम मेलोनी के साथ डिनर किया। इसके बाद, दोनों नेता एक ही गाड़ी में सवार होकर ऐतिहासिक इमारत ‘कोलेसियम’ का दीदार करने पहुंचे। कूटनीतिक जानकारों के मुताबिक, यह प्रधानमंत्री मोदी की ‘कार डिप्लोमेसी’ का हिस्सा है, जिसके जरिए वह दुनिया के शीर्ष नेताओं के साथ व्यक्तिगत और अनौपचारिक संबंध मजबूत करते हैं और वैश्विक मंच पर दोनों देशों की गहरी दोस्ती का संदेश देते हैं।
‘Melodi’ हैशटैग की कहानी
‘मेलोडी’ (Melodi) शब्द दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के नामों को मिलाकर बनाया गया एक लोकप्रिय ब्लेंड है। इस अनूठे हैशटैग की शुरुआत खुद इटली की पीएम मेलोनी ने साल 2023 में दुबई में आयोजित कॉप-28 (COP-28) शिखर सम्मेलन के दौरान की थी। तब से जब भी दोनों वैश्विक नेता किसी अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिलते हैं, सोशल मीडिया पर ‘Melodi’ ट्रेंड करने लगता है। दोनों नेताओं की गर्मजोशी भरी केमिस्ट्री को नेटिजन्स काफी पसंद करते हैं।
द्विपक्षीय वार्ता का एजेंडा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की अपनी पांच देशों की महत्वपूर्ण विदेश यात्रा पर हैं। इस दौरे के अंतिम चरण में वह मंगलवार को इटली की प्रधानमंत्री के विशेष आमंत्रण पर रोम पहुंचे हैं। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच व्यापार, रक्षा सहयोग, स्वच्छ ऊर्जा (क्लीन एनर्जी) और आधुनिक टेक्नोलॉजी जैसे गंभीर और रणनीतिक क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए उच्च स्तरीय बैठकें होनी तय हैं।










