PM Modi On Drug Free India:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान की शुरुआत की। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। बताया गया कि 28 हजार से अधिक स्थानों से एक करोड़ से ज्यादा युवा इस अभियान से जुड़े। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले देशभर के युवाओं ने एक साथ नशामुक्त भारत बनाने की शपथ ली। पीएम मोदी ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि व्यक्ति, परिवार, समाज और पूरे राष्ट्र के भविष्य से जुड़ा एक बड़ा संकल्प है।
स्पीड पोस्ट के नए नियम लागू, 500 ग्राम तक राखी अब डॉक्यूमेंट
विकसित भारत के लिए स्वस्थ: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य तय किया है और इसे हासिल करने के लिए युवाओं का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश का युवा शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से स्वस्थ और आत्मविश्वास से भरपूर होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे के खतरों को समझें और इससे पूरी तरह दूर रहें। पीएम मोदी ने कहा कि नशे जैसी आदत न केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक असर डालती है।
देशभर के युवा और आध्यात्मिक संगठनों की भागीदारी
इस अभियान में कई आध्यात्मिक गुरु, मुख्यमंत्री, राज्यपाल और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में अम्मा, गुरुदेव श्री श्री रविशंकर, पूज्य दाजी, डॉ. चिन्मय पंड्या और स्वामी ब्रह्मविहारीजी जैसे प्रमुख आध्यात्मिक व्यक्तित्व भी मौजूद रहे। इसके अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपालों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। यह अभियान 125 से अधिक आध्यात्मिक संस्थाओं, स्कूल-कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और औद्योगिक समूहों के सहयोग से चलाया जा रहा है। ब्रह्माकुमारीज, इस्कॉन, चिन्मय मिशन और ऑरोविले जैसे संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी इस पहल में भागीदारी की।
100 हफ्तों तक चलेगा जनभागीदारी अभियान
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना और उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान अगले 100 हफ्तों तक देशभर में जनभागीदारी के रूप में चलाया जाएगा। हर रविवार को जागरूकता फैलाने और लोगों को इस मुहिम से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें MYBharat, NSS के स्वयंसेवक, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, युवा क्लब, गैर सरकारी संगठन और आध्यात्मिक संस्थाएं सक्रिय रूप से भाग लेंगी।
नशामुक्त समाज बनाने के लिए होंगी कई गतिविधियां
अभियान के तहत युवाओं और समाज को जागरूक करने के लिए कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें खेल गतिविधियां, वॉकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता अभियान, चर्चा मंच और कला प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देना और समाज में एक सकारात्मक माहौल तैयार करना है।
युवाओं को बदलाव का दूत बनाने की पहल
‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना और उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक के रूप में तैयार करना है। सरकार का लक्ष्य है कि शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, उद्योग जगत और आध्यात्मिक संगठनों को एक मंच पर लाकर नशामुक्त समाज के लिए एक मजबूत जन आंदोलन तैयार किया जाए।










