PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर देश और दुनिया से उन्हें लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बाद अब इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना की।
जॉर्जिया मेलोनी ने भारत-इटली संबंधों को लेकर कही बड़ी बात

बताते चले कि, जॉर्जिया मेलोनी ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना दोस्त बताते हुए जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना की। इसके साथ ही इटली की प्रधानमंत्री ने भारत और इटली के बीच मजबूत होते संबंधों का भी जिक्र किया। मेलोनी ने कहा कि इटली और भारत के बीच गहरी दोस्ती लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देश मिलकर अपने-अपने देशों के लिए सहयोग और प्रगति का बेहतर भविष्य तैयार करेंगे। मेलोनी का यह संदेश ऐसे समय आया है, जब भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय संबंधों में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
Buon compleanno al mio amico @narendramodi, a cui auguro salute, energia e successo.
Italia e India continuano a rafforzare il loro profondo legame di amicizia, costruendo insieme un futuro di cooperazione e prosperità per le nostre Nazioni.— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) September 17, 2026
पीएम मोदी को व्लादिमीर पुतिन ने भी दी जन्मदिन की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से भी जन्मदिन की शुभकामनाएं मिली हैं। पुतिन ने अपने संदेश में पीएम मोदी के वैश्विक प्रभाव और भारत-रूस संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान का उल्लेख किया। रूसी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक प्रतिष्ठा और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को अपने देशवासियों का बेहद सम्मान हासिल है और वैश्विक मंच पर भी उनका बड़ा रुतबा है।
भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी का भी हुआ जिक्र
व्लादिमीर पुतिन ने भारत और रूस के बीच विशेष एवं रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत योगदान की भी तारीफ की। उनके संदेश में दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रणनीतिक संबंधों को विशेष महत्व दिया गया। पुतिन की बधाई ऐसे समय आई है, जब भारत और रूस के बीच राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग लगातार चर्चा में रहता है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच नियमित बातचीत और बैठकों को दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है।
इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी की नेतृत्व क्षमता की तारीफ की
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। नेतन्याहू ने एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ की और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन की कामना की।

नेतन्याहू ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने भारत को दुनिया की एक बड़ी ताकत बनाया है। उन्होंने कामना की कि पीएम मोदी आने वाले कई वर्षों तक इसी तरह नेतृत्व करते रहें और उनका जीवन अच्छे स्वास्थ्य तथा खुशियों से भरा रहे।
पीएम मोदी के साथ फोटो भी साझा की
जन्मदिन की बधाई देते हुए बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर साझा की। इस संदेश के जरिए दोनों नेताओं के बीच सार्वजनिक रूप से नजर आने वाले करीबी संबंधों की भी झलक देखने को मिली।
इस तरह प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर इटली, रूस और इजरायल के शीर्ष नेताओं की ओर से आए संदेशों में व्यक्तिगत शुभकामनाओं के साथ-साथ भारत के इन देशों के साथ संबंधों का भी उल्लेख देखने को मिला। अलग-अलग देशों के नेताओं की ओर से मिले इन बधाई संदेशों में पीएम मोदी के नेतृत्व और भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को लेकर सकारात्मक टिप्पणियां शामिल रहीं।










