UP News: दिव्या मित्तल के बाद अनुपमा राग ने छोड़ी सरकारी नौकरी, अब राजनीति में उतरने की तैयारी?

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज है। आईएएस दिव्या मित्तल के बाद अब पीसीएस अधिकारी अनुपमा राग ने भी इस्तीफा दे दिया है। अनुपमा के सिधौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा है। हालांकि, उन्होंने अपनी राजनीतिक योजनाओं को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

नवम्बर 6, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

UP News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। आईएएस दिव्या मित्तल के बाद अब पीसीएस अधिकारी अनुपमा राग ने भी सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। अनुपमा राग के इस्तीफे के बाद अब उनके राजनीति में आने की चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा सकती हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

PCS अनुपमा राग का इस्तीफा, सोशल मीडिया पर दी जानकारी

उत्तर प्रदेश सरकार में डिप्टी कमिश्नर (जीएसटी) के पद पर तैनात अनुपमा राग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। अनुपमा ने एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि भविष्य में नए संकल्प के साथ एक नया सफर शुरू करेंगी।

उनके इस ऐलान के बाद से ही प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आखिर अनुपमा राग ने अचानक सरकारी नौकरी छोड़ने का फैसला क्यों लिया? क्या इसके पीछे राजनीति में आने की तैयारी है या फिर वह कोई नई जिम्मेदारी संभालने जा रही हैं? फिलहाल इन सवालों पर उन्होंने खुलकर कुछ नहीं कहा है।

कौन हैं अनुपमा राग?

अनुपमा राग की पहचान सिर्फ एक पीसीएस अधिकारी के तौर पर नहीं है। वह पेशे से सिंगर भी हैं। इसके अलावा उनका राजनीतिक परिवार से भी जुड़ाव है। अनुपमा समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी हैं। वहीं, उनकी मां सुशीला सरोज लखनऊ की मोहनलालगंज लोकसभा सीट से सांसद रह चुकी हैं।

यही वजह है कि उनके इस्तीफे को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुपमा राग के 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में उतरने की चर्चा है। खास तौर पर सीतापुर जिले की सिधौली विधानसभा सीट से उनके चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

हालांकि, अनुपमा ने न तो सिधौली सीट से चुनाव लड़ने की बात कही है और न ही किसी राजनीतिक दल में शामिल होने का ऐलान किया है। फिलहाल उन्होंने सिर्फ नए संकल्प के साथ नई शुरुआत करने की बात कही है।

आईएएस दिव्या मित्तल ने भी छोड़ी थी सरकारी नौकरी

अनुपमा राग के इस्तीफे के बाद अब आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल का मामला भी चर्चा में आ गया है। करीब दो महीने पहले यूपी कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने भी भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया था।

दिव्या मित्तल ने फेसबुक और एक्स पर पोस्ट करके अपने फैसले की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था कि 13 साल की यादगार प्रशासनिक यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए उन्होंने आईएएस से त्यागपत्र दे दिया है। उनके इस फैसले ने भी उस समय काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

दिव्या मित्तल ने बनाई नई राजनीतिक पार्टी

आईएएस की नौकरी छोड़ने के बाद दिव्या मित्तल ने राजनीति में उतरने का ऐलान कर दिया। उन्होंने अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘जननीति भारत पार्टी’ बनाने की घोषणा की। साथ ही साफ किया कि उनकी पार्टी 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी।

दिव्या मित्तल ने कहा कि उनकी पार्टी व्यवस्था को जनता की जरूरतों और हितों के हिसाब से चलाने का काम करेगी। हालांकि, उन्होंने खुद चुनाव लड़ने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। इसके बावजूद उनके मिर्जापुर से विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चाएं तेज हैं।

2027 चुनाव से पहले प्रशासनिक अधिकारियों के इस्तीफे ने बढ़ाई सियासी हलचल

अब अनुपमा राग के इस्तीफे के बाद एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं कि क्या वह भी दिव्या मित्तल की तरह राजनीति में नई पारी शुरू करने जा रही हैं? एक तरफ दिव्या मित्तल ने अपनी पार्टी बनाकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है, तो दूसरी तरफ अनुपमा राग के सिधौली से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

हालांकि, दोनों अधिकारियों के इस्तीफे के पीछे की वजह और उनकी राजनीतिक योजनाएं अलग हो सकती हैं। अनुपमा राग ने अभी अपने अगले कदम का खुलासा नहीं किया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि उनका नया सफर प्रशासनिक सेवा से निकलकर राजनीति की ओर बढ़ता है या वह किसी दूसरे क्षेत्र में अपनी नई पहचान बनाती हैं। फिलहाल उनके इस्तीफे ने यूपी की 2027 की सियासत में चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है।

2