PBKS vs DC: पंजाब-दिल्ली भिड़ंत आज, मैच प्रिडिक्शन और टीम अपडेट

आईपीएल 2026 का 55वां मुकाबला आज धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। यहां दोनों टीमों से जुड़ी पूरी जानकारी और मैच की अहम डिटेल्स दी गई हैं।

PBKS vs DC

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मई 11, 2026

PBKS vs DC: आईपीएल 2026 का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। आज टूर्नामेंट का 55वां मुकाबला पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत शहर धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में होगा। इस सीजन में धर्मशाला में होने वाला यह पहला मुकाबला है, जिसे लेकर क्रिकेट फैंस में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि टीम प्लेऑफ की दौड़ में मजबूत स्थिति बनाए रखना चाहती है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है। अगर दिल्ली यह मुकाबला हार जाती है, तो टीम आधिकारिक रूप से प्लेऑफ की रेस से बाहर हो सकती है।

PBKS vs DC, IPL 2026: धर्मशाला में आज PBKS vs DC की भिड़ंत, बारिश बिगाड़ सकती है खेल

प्वाइंट्स टेबल में पंजाब मजबूत, दिल्ली पर दबाव

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स इस समय अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। टीम ने अब तक 10 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 6 मैचों में जीत हासिल की है। एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जिसके चलते पंजाब के खाते में 13 अंक हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति ज्यादा मजबूत नहीं दिखाई दे रही। अक्षर पटेल की कप्तानी में टीम ने 11 मुकाबले खेले हैं, लेकिन केवल 4 मैच जीत सकी है। ऐसे में दिल्ली को प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल

धर्मशाला का मैदान आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जाता है। यहां बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। आईपीएल 2023 के बाद से इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 209 रन रहा है।

हालांकि मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है। दिन के समय गरज के साथ बारिश हो सकती है, लेकिन मैच के दौरान मौसम में सुधार की उम्मीद की जा रही है। फिर भी हल्की बारिश मैच में रुकावट डाल सकती है। मौसम और पिच की स्थिति को देखते हुए तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त मदद मिलने की संभावना है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है।

मैच प्रिडिक्शन में पंजाब का पलड़ा भारी

अगर दोनों टीमों के मौजूदा प्रदर्शन को देखा जाए तो पंजाब किंग्स का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आ रहा है। टीम का बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग संतुलित दिखाई दे रहा है। हालांकि दिल्ली कैपिटल्स भी मुकाबले को रोमांचक बना सकती है। टीम के पास अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, जो मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। माना जा रहा है कि इस मैच का परिणाम काफी हद तक टॉस और मौसम पर निर्भर करेगा।

पंजाब किंग्स की संभावित प्लेइंग इलेवन

पंजाब किंग्स की संभावित टीम में प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, मार्को यानसेन, हरप्रीत बराड़ या विजयकुमार वैशाक, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल शामिल हो सकते हैं।

दिल्ली कैपिटल्स की संभावित प्लेइंग इलेवन

दिल्ली कैपिटल्स की संभावित टीम में पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश राणा, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, विपरज निगम, अजय मंडल या आकिब नबी, मिचेल स्टार्क, लुंगी एनगिडी और मुकेश कुमार शामिल हो सकते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि धर्मशाला की वादियों में आज किस टीम का प्रदर्शन बेहतर रहता है और कौन सी टीम जीत दर्ज कर प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाती है।

भारतीय टी20 कप्तान बने पिता, नन्ही परी ‘रिद्धिमा’ के साथ शेयर की पहली झलक