PBKS vs DC, IPL 2026: हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत शहर धर्मशाला में सोमवार से आईपीएल 2026 का रोमांच शुरू होने जा रहा है। धौलाधार पर्वत श्रृंखलाओं की गोद में बसे एचपीसीए स्टेडियम में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। मैच का टॉस शाम 7 बजे होगा, जबकि मुकाबला रात 7:30 बजे शुरू होगा। क्रिकेट प्रेमियों में इस मैच को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
धर्मशाला में इस सीजन कुल तीन लीग मैच और एक प्लेऑफ मुकाबला आयोजित किया जाएगा। 11 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच पहला मैच खेला जाएगा। इसके बाद 14 मई को पंजाब किंग्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा, जबकि 17 मई को पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इसके अलावा 26 मई को यहां आईपीएल का पहला क्वालीफायर मुकाबला भी आयोजित किया जाएगा।
भारतीय टी20 कप्तान बने पिता, नन्ही परी ‘रिद्धिमा’ के साथ शेयर की पहली झलक
बारिश का साया बढ़ा सकता है चिंता
हालांकि मैच से पहले मौसम को लेकर चिंता भी बनी हुई है। मौसम विभाग ने 11 मई के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। यदि बारिश होती है तो मैच में बाधा आ सकती है और दर्शकों की उम्मीदों को झटका लग सकता है। हालांकि आयोजकों और मैदान स्टाफ की ओर से सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं ताकि मौसम खराब होने की स्थिति में भी मैदान को जल्द खेलने लायक बनाया जा सके।
धर्मशाला का मौसम आमतौर पर ठंडा और सुहावना रहता है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां मौसम कभी भी बदल सकता है। यही वजह है कि खिलाड़ी और टीम प्रबंधन भी मौसम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
अंक तालिका में सुधार की कोशिश
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स इस मुकाबले को जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान की ओर बढ़ना चाहेगी। टीम का प्रदर्शन इस सीजन काफी मजबूत रहा है और धर्मशाला के घरेलू मैदान पर पंजाब को अतिरिक्त फायदा मिलने की उम्मीद है।
वहीं अक्षर पटेल की अगुवाई वाली दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। टीम फिलहाल अंक तालिका में सातवें स्थान पर है और प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए जीत जरूरी है। ऐसे में दिल्ली की टीम पूरे दमखम के साथ मैदान पर उतरने वाली है।
सुरक्षा और दर्शकों के लिए विशेष व्यवस्था
करीब 22 हजार दर्शकों की क्षमता वाले धर्मशाला स्टेडियम में मैच को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और होमगार्ड के लगभग 700 जवान तैनात किए गए हैं ताकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
स्टेडियम के गेट दर्शकों के लिए शाम 4:30 बजे खोल दिए जाएंगे। बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग और ट्रैफिक को लेकर भी विशेष योजना बनाई है।
धर्मशाला पहुंचीं प्रीति जिंटा
पंजाब किंग्स की सह-मालकिन और बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा भी रविवार को धर्मशाला पहुंच गईं। उनके आने से टीम और फैंस का उत्साह और बढ़ गया है।
दिल्ली कैपिटल्स के असिस्टेंट कोच इयान बेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि धर्मशाला का मौसम और माहौल उन्हें काफी पसंद है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां एक शानदार मुकाबला देखने को मिलेगा। वहीं पंजाब किंग्स के गेंदबाजी कोच जेम्स होप ने कहा कि धर्मशाला का मैदान हाई स्कोरिंग माना जाता है, इसलिए बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां रहेंगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि धर्मशाला में होने वाले इस रोमांचक मुकाबले में कौन सी टीम जीत दर्ज करती है और क्या बारिश मैच का मजा किरकिरा करेगी या नहीं।
इंटर मियामी की शानदार जीत: टोरंटो FC को 4-2 से हराकर छठी लगातार जीत










