Bihar News: पटना से सटे बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से चार युवकों की मौत का मामला सामने आने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, अभी तक यह आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है कि चारों की मौत जहरीली शराब के सेवन से ही हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बिहार में शराब से मौत के मामले पर तेजस्वी यादव का हमला
बताते चले कि, घटना को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने चार लोगों की मौत को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है और पहले भी जहरीली शराब के कारण लोगों की जान जाने के मामले सामने आते रहे हैं।
जहरीली शराब मामले में प्रशासन पर उठे सवाल
तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर शुरुआती जानकारी में शराब के सेवन की बात सामने आ रही है तो प्रशासन को पूरे मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने सरकार की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। तेजस्वी यादव के मुताबिक, ऐसी घटनाएं सिर्फ कुछ लोगों की मौत का मामला नहीं हैं, बल्कि इससे पूरे इलाके में सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
बेढ़ना गांव में चार युवकों की मौत से सनसनी
जानकारी के मुताबिक, पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में कथित रूप से शराब पीने के बाद चार युवकों की तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने के बाद उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। मौत की असली वजह जानने के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
विजय सिन्हा ने जहरीली शराब से मौत की पुष्टि से किया इनकार
बिहार सरकार में मंत्री विजय सिन्हा भी मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोग शराब या शराब जैसे किसी पदार्थ के सेवन की बात बता रहे हैं, लेकिन अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मौत जहरीली शराब से ही हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
विजय सिन्हा ने कहा कि प्रशासन सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर जांच में किसी तरह की गड़बड़ी या गैरकानूनी गतिविधि सामने आती है तो उसके अनुसार कार्रवाई होगी। मंत्री ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता दिए जाने की भी बात कही।
बिहार शराबकांड पर जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतकों ने क्या सेवन किया था और उनकी तबीयत अचानक कैसे बिगड़ी। इसके साथ ही कथित शराब की आपूर्ति और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के नतीजे इस मामले में अहम साबित होंगे।
जहरीली शराब थी या कुछ और, रिपोर्ट से होगा खुलासा
पटना में चार लोगों की संदिग्ध मौत के बाद जहां विपक्ष ने सरकार और प्रशासन को घेरना शुरू कर दिया है, वहीं सरकार ने अभी जहरीली शराब से मौत की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि चारों युवकों की मौत की असली वजह क्या थी। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।










