Bihar CM Samrat Choudhary: पटना कोचिंग विवाद पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा बयान, सरकारी स्कूलों पर नया प्लान

पटना के दो मशहूर कोचिंग सेंटर्स, खान ग्लोबल स्टडीज (Khan Sir) और ज्ञान बिंदु (Raushan Anand) के बीच जारी विवाद के बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेहद चौंकाने वाला बयान दिया है। गयाजी में 170 करोड़ के टेक्नोलॉजी सेंटर के शिलान्यास पर उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सभी कोचिंग संस्थान बंद कर सरकारी स्कूलों को वर्ल्ड क्लास बनाया जाएगा।

Bihar CM Samrat Choudhary

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 15, 2026

Bihar CM Samrat Choudhary: पटना के दो दिग्गज कोचिंग संस्थानों—खान ग्लोबल स्टडीज (Khan Sir) और ज्ञान बिंदु (Raushan Anand)—के बीच उपजा विवाद अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन चुका है। शिक्षकों के इस टकराव के बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा बयान दिया है। सोमवार (15 जून, 2026) को गयाजी पहुंचे मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा राज्य में निजी कोचिंग पर निर्भरता को पूरी तरह खत्म करने की है।

बंद होंगे प्राइवेट कोचिंग सेंटर, मजबूत होंगे सरकारी स्कूल

बताते चले कि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गयाजी में कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि सरकार आने वाले दिनों में ऐसी व्यवस्था खड़ी करने जा रही है जिससे राज्य के सारे कोचिंग सेंटर बंद हो जाएं और केवल बिहार सरकार के स्कूल ही संचालित रहें। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य के 211 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं और सभी ब्लॉकों में मॉडल स्कूलों का निर्माण युद्ध स्तर पर जारी है। मुख्यमंत्री ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा: “सम्राट चौधरी का सपना तब तक पूरा नहीं होगा, जब तक उन मॉडल स्कूलों में किसी नेता और डॉक्टर का बच्चा एक साथ बैठकर नहीं पढ़ेगा।”

गयाजी में 170 करोड़ के टेक्नोलॉजी सेंटर का शिलान्यास

बिहार में आधुनिक शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने गयाजी में 170 करोड़ रुपये की लागत से प्रौद्योगिकी केंद्र (Technology Center) का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के बदलते स्वरूप का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि जहां 2005 तक बिहार में महज 17 लाख परिवारों के पास बिजली थी, वहीं आज 2 करोड़ 22 लाख परिवारों को सीधा बिजली कनेक्शन मिल चुका है। इसके साथ ही जीविका दीदियों के सशक्तिकरण और हर घर नल के जल जैसी योजनाओं ने राज्य की तस्वीर बदली है।

अपराध और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

कानून व्यवस्था के मोर्चे पर विपक्ष और अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए सम्राट चौधरी ने साफ किया कि ‘क्राइम, करप्शन और कम्युनिलिज्म’ (अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता) से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस को खुली छूट देते हुए कहा कि जो भी अपराधी कानून को चुनौती देगा, उसे 48 घंटे के भीतर करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अपराधियों का या तो गयाजी में पिंडदान होगा या वे जेल की सलाखों के पीछे सड़ेंगे। जो बचे-खुचे अपराधी हैं, उनकी जानकारी मिलते ही तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फल्गू नदी को श्रापमुक्त करने और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का संकल्प

मुख्यमंत्री ने खुद को भगवान श्रीराम का वंशज (लव-कुश) बताते हुए एक बड़ा सांस्कृतिक संकल्प भी लिया। उन्होंने कहा कि माता सीता के श्राप से फल्गू नदी को मुक्त कराया जाएगा। इसके अलावा, खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए गया के खिजरसराय में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण हेतु 40 एकड़ भूमि आवंटित करने की घोषणा की गई। नवशिलान्यास वाले प्रौद्योगिकी केंद्र के बगल में ही बेहतरीन सड़कों और खेल स्टेडियम का निर्माण कर इस पूरे क्षेत्र को एक आधुनिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा।