Pakistan Air Force Strike: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक, भारी तबाही और सैकड़ों की मौत

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में देर रात हुए भीषण धमाकों ने पूरे इलाके को दहला दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी वायुसेना ने कई स्थानों पर एयरस्ट्राइक की, जिससे भारी तबाही हुई और सैकड़ों लोगों की मौत की खबर सामने आई। आखिर यह हमला क्यों हुआ और इसके पीछे क्या वजह है, जानिए पूरी कहानी।

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

मार्च 17, 2026

Pakistan Air Force Strike: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पिछले कई दिनों से जारी तनाव अब और गंभीर हो गया है। बीती रात पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर एयरस्ट्राइक की। रिपोर्ट्स के अनुसार लगभग 23 मिनट तक चले इस हमले में भारी विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया, जिससे शहर के कई हिस्सों में आग के बड़े-बड़े गुब्बार आसमान में दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि इस हमले में कई रिहायशी इलाकों को भी नुकसान पहुंचा है। धमाकों के बाद काबुल के कई हिस्सों में अफरा-तफरी मच गई और देर रात तक बचाव कार्य जारी रहा।

Trump NATO Warning: नाटो देशों को ट्रंप की दो टूक चेतावनी, होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा पर कड़ा रुख

लड़ाकू विमानों से किए गए कई हमले

मिली जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े नौ बजे पाकिस्तानी वायुसेना ने अपने आधुनिक लड़ाकू विमानों जेएफ-17 और एफ-16 के जरिए काबुल के पांच अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाया। हमले में जिन क्षेत्रों को लक्ष्य बनाया गया, उनमें अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के आसपास का रिहायशी इलाका, खुफिया एजेंसी जीडीआई मुख्यालय के पास का क्षेत्र, राष्ट्रपति भवन के आसपास का इलाका और काबुल हवाईअड्डे के नजदीक स्थित पुराना नाटो बेस शामिल है। बताया गया है कि एयरपोर्ट के पास स्थित करीब दो हजार बेड वाले एक सरकारी अस्पताल को भी बमबारी से भारी नुकसान पहुंचा।

विस्फोटों से दहला पूरा इलाका

हमले के दौरान इस्तेमाल किए गए भारी बमों के कारण कई इलाकों में तेज धमाके हुए और आसपास के क्षेत्रों में आग फैल गई। रक्षा मंत्रालय और जीडीआई मुख्यालय के पास आसमान में आग और धुएं के बड़े बादल देखे गए। राष्ट्रपति भवन के आसपास स्थित रिहायशी क्षेत्रों में भी आग की लपटें उठती नजर आईं। वहीं काबुल के पार्की सनाई कोचक इलाके में स्थित नशे के आदी मरीजों के इलाज वाले बड़े अस्पताल में बम गिरने के बाद पूरा भवन आग की चपेट में आ गया।

US-Iran War Cost: ईरान-अमेरिका युद्ध की भारी कीमत,15 दिनों में अमेरिका ने फूंके 12 अरब डॉलर, हर दिन अरबों का नुकसान

सैकड़ों लोगों की मौत और कई घायल

इस हवाई हमले के बाद बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार रात दो बजे तक लगभग 400 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि 250 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और कई जगहों पर मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम लगातार जारी है। काबुल के कई हिस्सों में राहत और बचाव दल पूरी रात काम करते रहे।

नंगरहार प्रांत में भी बमबारी

काबुल के अलावा पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में भी हवाई हमले किए। हालांकि वहां अभी तक किसी के मारे जाने या घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संभावित नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

अफगानिस्तान सरकार ने जताया कड़ा विरोध

अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाकों और अस्पतालों पर हमला करना मानवता के खिलाफ अपराध है और इससे आम नागरिकों को भारी नुकसान हुआ है। दूसरी ओर पाकिस्तान की सरकार ने अपने बयान में कहा कि हमला किसी रिहायशी इलाके या अस्पताल पर नहीं बल्कि अफगान सेना के हथियार ठिकानों को निशाना बनाकर किया गया था। पाकिस्तान का दावा है कि कार्रवाई के दौरान नागरिकों को नुकसान से बचाने की पूरी कोशिश की गई।

दुबई एयरपोर्ट पर ईरान युद्ध के बीच धुंआ, भारत से जा रहे विमान को बीच रास्ते में वापस लौटना पड़ा, 19 भारतीय गिरफ्तार

पिछले हमलों का भी दिया गया हवाला

रिपोर्ट्स के अनुसार पिछले साल जुलाई से लेकर 17 मार्च 2026 तक पाकिस्तान में आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान 74 आम नागरिकों की मौत हो चुकी है। वहीं सितंबर से 15 मार्च के बीच अफगानिस्तान में हुई कार्रवाइयों में 131 अफगानी नागरिकों की जान जाने की खबर सामने आई थी। ताजा हमले के बाद अब तक पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाई में कुल 531 निर्दोष अफगान नागरिकों की मौत होने का दावा किया जा रहा है।