Weather Update: उत्तर भारत में नए साल के दूसरे दिन 2 जनवरी को एक बार सुबह की शुरुआत हाड़ कंपाने वाली ठंड के साथ हुई।मौसम विभाग ने देश की राजधानी दिल्ली समेत पंजाब,हरियाणा,चंडीगढ़,ओडिशा,राजस्थान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर,लद्दाख,हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी का अनुमान लगाया है।पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में सर्दी का सितम देखा जा रहा है।उत्तर प्रदेश,बिहार,पश्चिम बंगाल,सिक्किम और उत्तर पूर्वी राज्यों के कुछ हिस्सों में मौसम विभाग ने घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद जताई है।
Weather Update: कश्मीर में सीजन की भारी बर्फबारी, सैलानियों के लिए बना ‘विंटर वंडरलैंड’
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का असर
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुद्दुचेरी में बिजली गिरने के साथ आंधी-तूफान का अनुमान व्यक्त किया है।वहीं हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में कल हल्की बर्फबारी हुई,जबकि निचले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई।राज्य में शीतलहर और तेज हो गई है।कुल्लू, शिमला, किन्नौर और चंबा जिला की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का पर्यटकों ने लिया आनंद
वहीं राज्य के पर्यटन स्थलों अटल टनल रोहतांग व सोलंगनाला सहित शिमला के समीप कुफरी में भी हल्का हिमपात हुआ है,जिसका नववर्ष का जश्न मनाने आए पर्यटकों ने खूब आनंद लिया। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बर्फबारी जबकि निचले व मैदानी इलाकों में हल्की वर्षा की संभावना जताई है।
घने कोहरे के कारण रेल यात्रा बाधित
देश के विभिन्न हिस्सों में घने कोहरे के कारण हुई कम दृश्यता की वजह से कई रेलगाड़ियों का संचालन बाधित हुआ है।रेल विभाग के अनुसार लगभग 31 रेलगाड़ियां दो घंटे से अधिक देरी से चल रही हैं।यात्रियों को सलाह दी जाती है कि,वे स्टेशन पहुंचने से पहले रेलगाड़ियों की स्थिति की नवीनतम जानकारी प्राप्त कर लें।
हवाई यात्रा में भी दिखा मौसम परिवर्तन का असर
दिल्ली और उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण हवाई यात्रा पर असर को देखते हुए इंडिगो और एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को सतर्क किया है।इंडिगो ने हवाई अड्डे पर भीड़ कम करने के लिए कल की कुछ उड़ानें पहले ही रद्द कर दी हैं।
एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों के लिए की रिफंड की व्यवस्था
एयर इंडिया ने अपने ‘फॉगकेयर’ पहल के तहत उड़ानों के प्रभावित होने की चेतावनी दी है। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों को रिफंड और रीबुकिंग की सुविधा प्रदान की है। यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।एयरलाइंस ने कहा है कि,सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और ग्राउंड टीमें मदद के लिए उपलब्ध हैं।










