Weather Update: उत्तर-पूर्व से लेकर उत्तर भारत तक शीतलहर का प्रकोप, कोहरे ने बढ़ाई यात्रियों की मुश्किलें

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे (Severe Cold Wave & Fog) के कारण जनजीवन प्रभावित है। यूपी, राजस्थान और झारखंड में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। कोहरे की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में शीतलहर का अलर्ट (Cold Wave Alert) जारी किया है।

Weather Update

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जनवरी 6, 2026

Weather Update: उत्तर पूर्व भारत में कड़ाके की ठंड,कोहरे और शीतलहर का दौर लगातार जारी है।जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी का मैदानी इलाकों में असर दिख रहा है।बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है साथ ही सुबह दृश्यता कम होने से सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित है।भीषण सर्दी और शीतलहर के कारण कई राज्यों में स्कूलों में छुट्टियां कर दी गईं हैं।

Weather Update: जम्मू-कश्मीर में शून्य से नीचे लुढ़का पारा, अगले 14 दिनों तक जारी रहेगी भीषण शीत लहर

भीषण ठंड के चलते कई राज्यों के स्कूलों में छुट्टी

झारखंड में 12वीं तक के स्कूलों की 8 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी गई है,त्रिपुरा में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल 10 जनवरी तक के लिए बंद कर दिए गए हैं।वहीं, राजस्थान में 20 जिलों में अलग-अलग समय के लिए 12 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तर पश्चिम, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, ओडिशा, असम, मेघालय में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना

पूर्वी-पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों,उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार में दिन ठंडे रहने की संभावना है,जबकि अगले कुछ दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के कुछ इलाकों, पूर्वी-पश्चिमी राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और राजस्थान में शीतलहर की संभावना है। वहीं, कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

10 दिनों से लगातार जारी सर्दी का सितम

शीतलहर और घने कोहरे के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कक्षा आठ तक के सभी स्कूल 8 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगी स्कूलों को ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने होंगे।इससे पहले स्कूल 5 जनवरी तक बंद थे लेकिन बढ़ती ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी विशाख जी.ने आदेश बढ़ाया। जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।पिछले 10 दिनों से प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है।

घने कोहरे के चलते यात्रियों को दिक्कत

दिल्ली समेत उत्तर भारत में घने कोहरे के चलते कई उड़ानों में देरी और उनके रद्द होने से यात्रियों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।यात्रियों को इस असुविधा से बचाने के लिए दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने एक वेबसाइट का लिंक साझा किया है।जिसके जरिए शीतकालीन यात्रा करने वाले यात्री आसानी से अपनी फ्लाइट के वास्तविक समय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।यात्री https://t.co/KkKldKUlLQ पर जाकर अपनी उड़ान की स्थिति देख सकते हैं।

Weather Update: यूपी के कई जिलों में विजिबिलिटी शून्य, मौसम विभाग का रेड अलर्ट जारी