Nora Fatehi Controversy: अभिनेत्री और मशहूर डांसर नोरा फतेही इन दिनों अपनी अपकमिंग कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर विवादों के केंद्र में हैं। इस गाने के द्विअर्थी और अश्लील लिरिक्स ने सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी पैदा कर दी है। कंगना रनौत सहित फिल्म जगत की कई हस्तियों ने इस गाने की नैतिकता पर सवाल उठाए हैं। अब इस बढ़ते विवाद को देखते हुए नोरा फतेही ने अपनी सफाई पेश की है।
तीन साल पुराना है शूट
बताते चले कि, नोरा फतेही ने हाल ही में इंस्टाग्राम लाइव के जरिए अपने प्रशंसकों से बातचीत की और इस पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘सरके चुनर’ (Sarke Chunar Controversy) गाने की शूटिंग लगभग तीन साल पहले कन्नड़ भाषा में हुई थी। नोरा के अनुसार, उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए केवल इसलिए हामी भरी थी क्योंकि यह एक बड़े बजट की ‘पैन इंडिया’ फिल्म थी और इसमें संजय दत्त जैसे दिग्गज कलाकार शामिल थे। अभिनेत्री का कहना है कि शूटिंग के दौरान उन्हें इसके हिंदी अनुवाद की भयानकता का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था।
बिना अनुमति हिंदी वर्जन रिलीज
नोरा ने लाइव सत्र के दौरान गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी ही नहीं थी कि फिल्म के निर्माता इस गाने को हिंदी में भी डब करके रिलीज करेंगे। उन्होंने बताया, “जब मैंने इस गाने का हिंदी वर्जन सुना, तो मैं खुद इसके भद्दे मतलब को देखकर दंग रह गई। मेकर्स ने मेरी तस्वीरों और फुटेज का इस्तेमाल बिना मेरी अनुमति के किया है।” नोरा ने यह भी कहा कि वह मेकर्स पर भरोसा करने के कारण इस स्थिति में फंसी हैं।
दर्शकों का आभार
इंटरनेट पर हो रही आलोचना का समर्थन करते हुए नोरा ने जनता का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि दर्शकों के विरोध के कारण ही मेकर्स को यह गाना हटाने पर मजबूर होना पड़ा। अभिनेत्री ने प्रशंसकों से इस गाने को किसी भी प्लेटफॉर्म पर शेयर न करने की अपील की है और वादा किया है कि भविष्य में वह और उनकी टीम किसी भी प्रोजेक्ट को साइन करने से पहले उसके हर पहलू और भाषा की बारीकी से जांच करेंगे।
गीतकार रकीब आलम का बयान
इस विवाद में केवल अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि गाने के हिंदी गीतकार रकीब आलम भी निशाने पर हैं। रकीब ने अपनी सफाई में कहा कि यह गाना मूल रूप से फिल्म के निर्देशक द्वारा कन्नड़ में लिखा गया था। उन्होंने केवल इसका हिंदी अनुवाद किया है ताकि धुन के साथ शब्दों का तालमेल बैठ सके। रकीब ने दावा किया कि उन्होंने पहले इस गाने को लिखने से मना कर दिया था क्योंकि इसके बोल बहुत अश्लील थे, लेकिन बाद में उन्होंने केवल डबिंग के उद्देश्य से इसे ट्रांसलेट किया। उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर मेकर्स से दोबारा बात करेंगे।









