Noida News: नोएडा के सेक्टर-4 स्थित कैपिटल कंपनी की फैक्ट्री में गुरुवार सुबह अचानक लगी आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। सुबह करीब 5 बजे फैक्ट्री में आग भड़कने के बाद अंदर मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर निकलने लगे। फैक्ट्री में बिजली का मीटर बनाने का काम होता है।
Weather Update: दिल्ली को मिलेगी राहत, मार्च की तपिश के बीच बारिश का अलर्ट!
आग लगते ही मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही हालात बेहद डरावने हो गए। हर तरफ भगदड़ मच गई और लोग बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने मिलकर कई लोगों को बाहर निकालने में मदद की। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। किसी के हाथ-पैर टूट गए तो किसी को गंभीर चोटें आईं।
धुएं से बेहोश हुए लोग
आग और धुएं की वजह से कई लोग बेहोश हो गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को सुरक्षित स्थान पर लाया गया और कई को अस्पताल भेजा गया।
चार लोगों की हालत नाजुक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कम से कम चार लोगों की हालत गंभीर है। इनमें किसी का घुटना टूटा है तो किसी के शरीर में गहरी चोटें आई हैं। कुछ लोगों को सांस लेने में भी कठिनाई हो रही है।
नीचे के फ्लोर में फंसे होने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फैक्ट्री के ऊपरी हिस्से में फिलहाल कोई व्यक्ति फंसा हुआ नहीं दिख रहा, लेकिन नीचे के फ्लोर में लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। जितने लोगों को बाहर निकाला जा सका, उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।
मौत की पुष्टि नहीं
घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जुट गई। लोगों का कहना है कि अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि कई लोग बेहोशी की हालत में मिले हैं जिन्हें इलाज के लिए भेजा गया है।
राहत और बचाव कार्य जारी
फायर विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हैं। प्रशासन की टीम भी हालात पर नजर बनाए हुए है। आग लगने की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है। नोएडा सेक्टर-4 की इस फैक्ट्री में लगी आग ने कई लोगों की जिंदगी खतरे में डाल दी। धुएं और आग से बेहोश हुए लोगों को बचाने में स्थानीय लोगों ने अहम भूमिका निभाई। चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल मौत की पुष्टि नहीं हुई है और राहत-बचाव कार्य जारी है।










