Noida Airport: नोएडा एयरपोर्ट के सबवे में जलभराव पर सियासत तेज, अखिलेश यादव के तंज पर विधायक का पलटवार

नोएडा एयरपोर्ट के सबवे में जलभराव को लेकर सियासत तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद नायल ने यापल से रिपोर्ट मांगी। यापल ने अत्यधिक बारिश को जलभराव की वजह बताया और 30 मिनट में पानी निकालने का दावा किया। अखिलेश यादव के तंज पर जेवर विधायक ने पलटवार किया।

Noida Airport

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अगस्त 12, 2026

Noida Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सबवे में बारिश के बाद जलभराव का मामला सामने आने से प्रशासन और एयरपोर्ट प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो में टर्मिनल बिल्डिंग और पार्किंग को जोड़ने वाले सबवे में पानी भरा हुआ दिखाई दिया। वीडियो में एयरपोर्ट कर्मचारी जल निकासी के लिए प्रयास करते नजर आए। मामला सामने आने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) ने एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी से रिपोर्ट तलब की।

नोएडा एयरपोर्ट जलभराव मामले में नायल ने यापल से मांगी रिपोर्ट

बताते चले कि, नोएडा एयरपोर्ट पर जलभराव की घटना का संज्ञान लेते हुए नायल ने यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा। नायल के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट के सबवे में पानी भरने का वीडियो सामने आने के बाद यापल से रिपोर्ट मांगी गई थी। अधिकारियों ने जलभराव के कारण और यात्रियों की आवाजाही पर पड़े प्रभाव की जानकारी भी मांगी।

अत्यधिक बारिश को बताया गया जलभराव का कारण

यापल की ओर से नायल को भेजे गए जवाब में बताया गया कि कुछ समय के दौरान अत्यधिक बारिश हुई, जिसके कारण एयरपोर्ट के सबवे में पानी जमा हो गया। कंपनी के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल जल निकासी का काम शुरू किया गया और करीब 30 मिनट के भीतर सबवे से पानी निकाल दिया गया। इसके बाद इसे यात्रियों की आवाजाही के लिए दोबारा खोल दिया गया।

यापल ने अपने जवाब में यह भी बताया कि जलभराव के दौरान यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही की व्यवस्था की गई थी। कंपनी के अनुसार, सबवे में पानी जमा होने के बावजूद यात्रियों की आवाजाही को प्रभावित होने से बचाने के लिए वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल कराया गया। जल निकासी पूरी होने के बाद सबवे को फिर से यात्रियों के लिए खोल दिया गया।

नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने के बाद पहली बड़ी बारिश में जलभराव का मुद्दा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन और यात्री सेवाएं शुरू होने के बाद सामने आया यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को हुआ था और 15 जून से यात्री सेवाएं शुरू की गई थीं। इसके बाद बारिश के दौरान सबवे में जलभराव का वीडियो सामने आने से एयरपोर्ट की जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

अखिलेश यादव ने नोएडा एयरपोर्ट पर जलभराव को लेकर कसा तंज

नोएडा एयरपोर्ट के सबवे में जलभराव का वीडियो सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए तंज कसते हुए सवाल किया कि “अब क्या एयरपोर्ट पर नाव चलेगी?” अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए नोएडा एयरपोर्ट की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए।

अखिलेश के तंज पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह का पलटवार

अखिलेश यादव के बयान के बाद जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने भी सोशल मीडिया के जरिए पलटवार किया। उन्होंने एयरपोर्ट के सबवे से वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि बारिश के बाद विपक्ष को केवल गड्ढे और पानी दिखाई दे रहा है, जबकि उन्हें जेवर में हो रहा विकास दिखाई नहीं देता। विधायक ने विपक्ष की आलोचना को राजनीतिक बताया।

जेवर विधायक बोले- विकास से ध्यान भटकाने की कोशिश

धीरेंद्र सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और जलभराव की एक घटना को लेकर पूरे विकास कार्य पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की राजनीति के जरिए प्रदेश में हो रहे विकास से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।

नोएडा एयरपोर्ट जलभराव पर आमने-सामने सपा और भाजपा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सबवे में जलभराव का मामला अब केवल प्रशासनिक जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इस पर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। एक तरफ अखिलेश यादव ने जलभराव को लेकर सरकार पर कटाक्ष किया है, वहीं जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने इसे विपक्ष की राजनीति करार देते हुए जवाब दिया है। फिलहाल यापल की रिपोर्ट के मुताबिक अत्यधिक बारिश को जलभराव का कारण बताया गया है और करीब 30 मिनट में पानी निकालने का दावा किया गया है।