Ashok Choudhary: नीतीश कुमार के इस्तीफे पर फूट-फूटकर रोए अशोक चौधरी, बोले- ‘न कोई नीतीश पैदा हुआ था, न होगा’

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के MLC पद से इस्तीफे और उनके राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच जेडीयू मंत्री अशोक चौधरी बेहद भावुक हो गए। कैमरे के सामने रोते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में विकास की अभूतपूर्व लकीर खींची है। नीतीश कुमार ने उन्हें एक पिता की तरह स्नेह और सम्मान दिया है।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 30, 2026

Ashok Choudhary: बिहार के राजनीतिक गलियारों में उस समय एक बेहद भावुक नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधान परिषद (MLC) पद से इस्तीफे और जल्द ही मुख्यमंत्री पद छोड़ने की खबरों के बीच उनके बेहद करीबी मंत्री अशोक चौधरी कैमरे के सामने फूट-फूटकर रो पड़े। सोमवार (30 मार्च, 2026) को मीडिया से बात करते हुए जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कद्दावर नेता अशोक चौधरी अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए। उन्होंने भर्राई आवाज में कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में विकास की जो लंबी लकीर खींची है, उसकी बराबरी करना आने वाली पीढ़ियों के लिए नामुमकिन होगा।

नीतीश कुमार के विकास कार्यों की अशोक चौधरी ने की सराहना

बताते चले कि, भावुक होते हुए बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने प्रदेश के विकास के लिए जो काम किए हैं, वे ऐतिहासिक हैं। अब जो भी नया व्यक्ति सत्ता की कमान संभालेगा, उसके लिए नीतीश कुमार के पदचिह्नों पर चलना और उनके स्तर का काम करना एक बहुत बड़ी चुनौती होगी। चौधरी ने कहा कि घोर से घोर विरोधियों के प्रति भी मन में सम्मान रखना और सबको साथ लेकर चलना केवल नीतीश बाबू के ही बस की बात थी। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा, “न तो कोई नीतीश कुमार पैदा हुआ था और न ही भविष्य में कोई उनके जैसा विजनरी नेता पैदा होगा।”

‘मार्गदर्शन में ही चलेगा बिहार’

जब पत्रकारों ने अशोक चौधरी से सवाल किया कि नीतीश कुमार के बिना अब बिहार में काम कैसे चलेगा? इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार भले ही दिल्ली (राज्यसभा) जाएं, लेकिन वे बिहार की मिट्टी से दूर नहीं होंगे। वे जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे और उनके कुशल मार्गदर्शन में ही बिहार की व्यवस्था और पार्टी आगे बढ़ेगी। उन्होंने स्वीकार किया कि यह सच है कि अब सदन नीतीश कुमार की जादुई मौजूदगी के बिना चलेगा, जिसकी कमी हर किसी को खलेगी।

दलित समाज को मान-सम्मान देने पर भावुक हुए अशोक चौधरी

अशोक चौधरी ने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए नीतीश कुमार के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने उन्हें जो प्यार और सम्मान दिया है, उसे वे कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने एक बड़ा दावा करते हुए कहा, “मैं पूरे हिंदुस्तान में दलित समाज से आने वाला अकेला ऐसा नेता हूं, जिसे बिना किसी सदन (विधानसभा या विधान परिषद) का सदस्य रहते हुए भी नीतीश कुमार ने लगातार 6 महीने तक मंत्री बनाए रखा।” उन्होंने कहा कि राजनीति के इस क्रूर मैदान में नीतीश कुमार ने उन्हें बिल्कुल एक पिता की तरह अपनी छत्रछाया में रखा और पुत्र जैसा स्नेह दिया।

‘साजिश नहीं, यह मुख्यमंत्री का अपना निर्णय’

जब कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों में चल रही इन चर्चाओं पर सवाल पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार को किसी सोची-समझी साजिश के तहत हटाया जा रहा है या इस्तीफा दिलाया जा रहा है? इस पर अशोक चौधरी ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की अपनी भावनाएं हो सकती हैं, लेकिन नीतीश कुमार कोई ऐसे नेता नहीं हैं जिन पर कोई दबाव डाल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीति में नीतीश कुमार जो भी फैसला लेते हैं, वह उनका अपना स्वतंत्र और स्वविवेक से लिया गया निर्णय होता है।