Nitish Kumar Nominations: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना लगभग तय माना जा रहा है। वे आज गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। सुबह करीब साढ़े 11 बजे नीतीश कुमार अपने समर्थकों के साथ बिहार विधानसभा पहुंचेंगे और चुनाव संबंधी औपचारिकताएं पूरी करेंगे। उनके अलावा रामनाथ ठाकुर, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, शिवेश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा भी नामांकन भरेंगे।
Bihar Politics: नीतीश के लाल का सियासी आगाज, होली पर JDU कार्यकर्ताओं को मिला बड़ा तोहफा!
राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया

राज्यसभा की 37 सीटें आगामी 2 अप्रैल को खाली हो रही हैं। इन्हें भरने के लिए चुनाव कराए जा रहे हैं। नामांकन दाखिल करने की आज आखिरी तारीख है, जबकि 9 मार्च तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम को वोटों की गिनती कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इस चुनाव में महाराष्ट्र की 7, तमिलनाडु की 6, बिहार और पश्चिम बंगाल की 5-5, ओडिशा की 5, असम की 4, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा की 2-2 तथा हिमाचल प्रदेश की 1 सीट के लिए मतदान होगा।
बिहार में नई सरकार का गठन
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार में नए सिरे से सरकार का गठन होगा। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री का पद भाजपा को मिल सकता है। हालांकि जेडीयू संगठन में इस फैसले को लेकर नाराजगी है, लेकिन हाईकमान के समझाने पर नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के लिए तैयार हुए हैं। चर्चा यह भी है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को जेडीयू में शामिल कर उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। अगर भाजपा से मुख्यमंत्री बनता है तो जेडीयू को दो डिप्टी सीएम पद मिल सकते हैं।
अगला मुख्यमंत्री कौन?
बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर सियासी गलियारों में जोरदार चर्चा है। माना जा रहा है कि पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा। संभावित दावेदारों में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय का नाम सबसे आगे है। उनके बाद सम्राट चौधरी का नाम चर्चा में है। इसके अलावा डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, दिलीप जायसवाल और विधायक संजीव चौरसिया भी दावेदारों की सूची में शामिल हैं।










