Nitin Nabin Resigned: बिहार की सियासत से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कद्दावर नेता नितिन नवीन ने बिहार विधानसभा के सदस्य (विधायक) पद से अपना इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को सौंपा है। चूंकि नितिन नवीन इस समय असम में पार्टी के चुनाव प्रचार में काफी व्यस्त हैं, इसलिए वे खुद व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी आज ही (30 मार्च, 2026) बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार को उनके इस्तीफे के आधिकारिक कागजात सौंपेंगे।
Bihar News: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने सरकार को दी नई योजना की सलाह, बयान से मचा बवाल
राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई पटना की बांकीपुर सीट
नितिन नवीन ने यह इस्तीफा राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद दिया है। वह पटना की सबसे हाई-प्रोफाइल मानी जाने वाली बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक थे। हाल ही में बिहार की 5 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव संपन्न हुए थे, जिसमें सभी सीटों पर एनडीए (NDA) के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। इन्हीं में से एक विजेता प्रत्याशी बीजेपी के कद्दावर नेता नितिन नवीन भी थे।
संवैधानिक नियमों के अनुसार, यदि कोई मौजूदा विधायक संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा का सदस्य चुना जाता है, तो उसे 14 दिनों के भीतर अपनी राज्य विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना अनिवार्य होता है। इसी नियम का पालन करते हुए नितिन नवीन ने अपनी सीट छोड़ी है। अब वह जल्द ही राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ लेकर राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका निभाएंगे।
युवा मोर्चा से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर
नितिन नवीन का राजनीतिक सफर बेहद शानदार और लंबा रहा है। उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी और संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए कड़ा संघर्ष किया। उनके इसी लंबे अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। चुनावी रिकॉर्ड की बात करें तो नितिन नवीन पटना की बांकीपुर सीट से लगातार चार बार विधायक चुने जा चुके हैं, जबकि इससे पहले वह एक बार पटना पश्चिम क्षेत्र से भी निर्वाचित हुए थे। इस तरह वह लगातार पांच बार जनता के भारी समर्थन से सदन पहुंचे हैं।
बांकीपुर के रण में अब किसका होगा कब्जा?
नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बीजेपी की इस परंपरागत और मजबूत मानी जाने वाली कायस्थ बहुल सीट से अगला उम्मीदवार कौन होगा? राजनीतिक गलियारों में इस हाई-प्रोफाइल सीट के लिए कई बड़े चेहरों के नाम तैर रहे हैं।
इस रेस में सबसे प्रमुख नाम डॉ. संजय मयूख का उभरकर सामने आ रहा है। वह वर्तमान में बिहार विधान परिषद (MLC) के सदस्य हैं और बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी व राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्हें दिल्ली दरबार यानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का बेहद करीबी माना जाता है।
संजय मयूख के अलावा बीजेपी के कद्दावर नेता ऋतुराज सिन्हा, रणवीर नंदन और प्रखर वक्ता अजय आलोक जैसे बड़े कायस्थ चेहरों के नाम की भी चर्चा जोरों पर है। अब यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि बीजेपी नेतृत्व अपनी इस सबसे सुरक्षित और प्रतिष्ठित सीट की विरासत सौंपने के लिए किस नाम पर अंतिम मुहर लगाता है।









