Nitesh Rane Nagpur Speech: महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री और भाजपा के फायरब्रांड नेता नितेश राणे ने नागपुर में आयोजित ‘हिंदू सम्मेलन’ के दौरान अपने तीखे और आक्रामक तेवरों से राज्य की राजनीति में नया उबाल ला दिया है। नितेश राणे ने न केवल हिंदू राष्ट्र की वकालत की, बल्कि विरोधियों को उनके ‘अब्बा’ (पाकिस्तान) भेजने की खुली चेतावनी भी दे डाली। विपक्ष ने जहां इसे समाज को बांटने वाला बयान बताया है, वहीं राणे ने इसे हिंदू स्वाभिमान की रक्षा करार दिया है।
इंडियन हमले के बाद नूर खान बेस में नई हलचल: अफगानियों ने फिर किया हमला
AIMIM पर पलटवार
बताते चले कि, नितेश राणे ने अपने संबोधन में एआईएमआईएम नेताओं के पुराने ’15 मिनट’ वाले बयान को आड़े हाथों लिया। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि हिंदुओं को डराने की कोशिश न की जाए। नितेश राणे ने कहा, “हमें 15 मिनट की जरूरत नहीं, बस 5 मिनट के लिए पुलिस हटाकर देखो, फिर पता चलेगा असली हिंदू क्या होता है।” उन्होंने भारत को प्राकृतिक रूप से एक हिंदू राष्ट्र बताया और तर्क दिया कि 90% आबादी के कारण यह पहचान अटूट है। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘सेक्युलर’ शब्द संविधान में राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए बाद में जोड़ा गया था।
होली पर नमाज का समय बदलने की नसीहत
आपको बता दे कि, आगामी होली और रंगपंचमी के मद्देनजर मंत्री राणे ने स्पष्ट संदेश दिया कि हिंदुओं को त्योहार मनाने के तरीके पर नसीहत देना बंद किया जाए। उन्होंने मस्जिदों के प्रबंधन को संबोधित करते हुए कहा कि टकराव से बचने के लिए वे अपनी नमाज का समय बदल लें, अन्यथा पुलिसिया कार्रवाई के लिए तैयार रहें। इसी क्रम में उन्होंने मदरसों के खिलाफ ‘आतंकवाद का केंद्र’ होने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि राज्य के सभी मदरसों को बंद कर दिया जाए, क्योंकि उनके अनुसार वहां आधुनिक शिक्षा के बजाय केवल कट्टरता सिखाई जाती है।
लव जिहाद के विरुद्ध सख्त कानून
नितेश राणे ने अपने भाषण में लव जिहाद, लैंड जिहाद और हलाल जिहाद जैसे संवेदनशील मुद्दों को उठाते हुए दावा किया कि 2047 तक भारत को ‘गजवा-ए-हिंद’ बनाने की बड़ी साजिश रची जा रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ‘घर वापसी’ को सुगम बनाने के लिए विशेष कानून लाया जाए। उन्होंने हिंदुओं से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि एकता के अभाव में ही विरोधी हावी होते हैं।
मोदी-फडणवीस के राज में ‘घर में घुसकर मारने’ का संकल्प
भाषण के समापन पर नितेश राणे ने अत्यंत कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यह पीएम मोदी का भारत और देवेंद्र फडणवीस का महाराष्ट्र है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब हिंदू चुप नहीं बैठेगा और जो भी हिंदुओं की तरफ गलत नजर से देखेगा, उसे घर में घुसकर जवाब दिया जाएगा। उनके इस बयान के बाद राज्य में राजनीतिक पारा चढ़ गया है और कानून-व्यवस्था को लेकर बहस छिड़ गई है।
Delhi के कई स्कूलों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां










