UP International Trade Show: अमेठी के निहालगढ़ का मशहूर समोसा अब स्थानीय दुकानों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने की तैयारी में है। लंबे समय से स्थानीय लोगों की पहली पसंद बने इस पारंपरिक व्यंजन की खुशबू और स्वाद अब देश-विदेश से आने वाले मेहमानों तक पहुंचेगा। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले द्वितीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में निहालगढ़ के प्रसिद्ध समोसे की विशेष दुकान सजाई जाएगी।
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखेगा अमेठी का पारंपरिक स्वाद

बताते चले कि, इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया जाएगा। इस आयोजन में एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी), एक जनपद-एक व्यंजन, लघु उद्योग और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से जुड़े उद्यमियों तथा उत्पादकों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। ऐसे में अमेठी के निहालगढ़ का समोसा भी प्रदेश के पारंपरिक स्वाद की पहचान के रूप में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगा।
56 देशों के मेहमानों तक पहुंचेगा निहालगढ़ समोसे का स्वाद
आपको बता दे कि, इस बार उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में बड़ी संख्या में विदेशी मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। जापान, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, वियतनाम और रूस समेत करीब 56 देशों से प्रतिनिधियों और मेहमानों के आने की उम्मीद है। ऐसे में निहालगढ़ के समोसे को पहली बार इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित होने का अवसर मिलेगा। स्थानीय कारोबारियों को उम्मीद है कि विदेशी मेहमानों के बीच पसंद आने पर इस पारंपरिक व्यंजन को नई पहचान मिल सकती है।
आसपास के जिलों से भी स्वाद लेने पहुंचते हैं लोग
निहालगढ़ का समोसा अपने खास स्वाद और पारंपरिक अंदाज के कारण लंबे समय से स्थानीय लोगों के बीच लोकप्रिय है। केवल अमेठी ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी लोग इस समोसे का स्वाद लेने निहालगढ़ पहुंचते हैं। स्थानीय स्तर पर वर्षों से बनी इसकी पहचान अब अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो के जरिए बड़े बाजार तक पहुंचने की दिशा में बढ़ रही है।
अंतरराष्ट्रीय मंच से बढ़ सकती है समोसे की मांग

निहालगढ़ के समोसे को इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रदर्शित किए जाने को स्थानीय कारोबारियों के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है। उनका कहना है कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोगों और विदेशी मेहमानों तक इसका स्वाद पहुंचने से इसकी लोकप्रियता बढ़ सकती है। यदि लोगों को इसका स्वाद पसंद आता है तो भविष्य में इसकी मांग और बाजार का विस्तार भी संभव है। इससे स्थानीय कारोबार और रोजगार को भी अप्रत्यक्ष रूप से फायदा मिल सकता है।
समोसा स्टॉल को लेकर स्थानीय कारोबारियों में उत्साह
निहालगढ़ के समोसे की दुकान के अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में पहुंचने को लेकर स्थानीय कारोबारियों में खासा उत्साह है। कैंटीन संचालक रविशंकर त्रिवेदी ने कहा कि निहालगढ़ के समोसे की दुकान का अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में लगना क्षेत्र के लिए बड़े सौभाग्य की बात है। उनके मुताबिक, यह सिर्फ एक दुकान या व्यंजन का प्रदर्शन नहीं बल्कि अमेठी के पारंपरिक स्वाद को बड़े मंच पर पहचान दिलाने का मौका है।
निहालगढ़ समोसा स्टॉल के लिए पंजीकरण पूरा
उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन ने बताया कि इंटरनेशनल ट्रेड शो में समोसे का स्टॉल लगाने के लिए पंजीकरण पूरा हो चुका है। संबंधित लोगों को निर्धारित समय पर आयोजन स्थल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। अब निहालगढ़ के समोसे के स्टॉल को ट्रेड शो में अंतिम रूप से तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
अमेठी के स्थानीय स्वाद को मिलेगी नई पहचान
निहालगढ़ का समोसा अब तक स्थानीय बाजार और आसपास के जिलों में अपनी पहचान बनाए हुए था, लेकिन ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाला यह ट्रेड शो उसे व्यापक मंच देने जा रहा है। यदि देशी-विदेशी मेहमानों के बीच इसका स्वाद पसंद आता है, तो अमेठी के इस पारंपरिक व्यंजन के लिए नए बाजारों के दरवाजे खुल सकते हैं। इस तरह निहालगढ़ का मशहूर समोसा स्थानीय पहचान से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने की ओर कदम बढ़ा रहा है।










