NEET Success: प्रयास विद्यालय के होनहार छात्रों से मिले CM साय, बढ़ाया आत्मविश्वास

NEET परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करने वाले प्रयास विद्यालय के होनहार छात्रों से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुलाकात की। उन्होंने छात्रों की मेहनत और उपलब्धि की सराहना करते हुए उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। आखिर इस मुलाकात में मुख्यमंत्री ने छात्रों को क्या संदेश दिया और शिक्षा को लेकर क्या कहा? जानिए पूरी रिपोर्ट।

NEET Success

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

अगस्त 3, 2026

NEET Success: रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रयास आवासीय विद्यालयों के नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित छात्रों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है कि प्रदेश के गरीब और आदिवासी समुदाय से आने वाले विद्यार्थियों ने देश की सबसे कठिन मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है।

17 प्रयास आवासीय विद्यालयों से मिल रही प्रतिभाओं को नई दिशा

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान समय में 17 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों का उद्देश्य दूरदराज क्षेत्रों, आदिवासी इलाकों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना है।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का आशीर्वाद, शिक्षकों का मार्गदर्शन और छात्रों की कड़ी मेहनत का बड़ा योगदान है। मुख्यमंत्री ने सफल विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई दी।

डॉक्टर बनकर संवेदनशीलता के साथ समाज सेवा करें छात्र

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नीट सफल विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब वे सभी भविष्य के डॉक्टर हैं। उन्होंने कहा कि समाज में डॉक्टरों का स्थान बेहद सम्मानजनक होता है, क्योंकि भगवान जीवन देते हैं और डॉक्टर जीवन बचाने का कार्य करते हैं।सीएम ने छात्रों से अपील की कि वे केवल अच्छे चिकित्सक ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, व्यवहारिक और मरीजों के प्रति सहयोगी डॉक्टर भी बनें। उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार कई बार इलाज का महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज, राज्य और देश की सेवा को अपना प्रमुख लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।

शिक्षा क्षेत्र में बढ़ रहे अवसरों का मुख्यमंत्री ने किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने अपनी शिक्षा यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए सरकार की ओर से पहले की तुलना में अधिक संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए प्रदेश में नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 34 नए नालंदा परिसर निर्माणाधीन हैं, जहां छात्रों को सातों दिन 24 घंटे ऑनलाइन और ऑफलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

ट्रायबल यूथ हॉस्टल में बढ़ाई गई सुविधाएं

सीएम साय ने बताया कि दिल्ली स्थित ट्रायबल यूथ हॉस्टल में सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। यहां विद्यार्थियों को निशुल्क आवास और भोजन की सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष इस हॉस्टल के 13 विद्यार्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में सफलता हासिल की है।

छत्तीसगढ़ में बढ़े मेडिकल कॉलेज और एमबीबीएस सीटें

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य निर्माण के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, लेकिन आज प्रदेश में सरकारी और निजी क्षेत्र को मिलाकर कुल 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पांच नए मेडिकल कॉलेज भी शुरू करने की दिशा में काम कर रही है, जिससे एमबीबीएस की 250 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।

छात्रों के सवालों पर मुख्यमंत्री ने रखे विकास के विजन

जगदलपुर प्रयास विद्यालय की छात्रा नेल्सा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रही है। प्रयास विद्यालय इसका उदाहरण हैं। इसके अलावा कई छात्रवृत्ति योजनाएं भी चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को विदेश में उच्च शिक्षा के लिए भी राज्य सरकार आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।अंबिकापुर प्रयास विद्यालय की छात्रा यामिनी पैकरा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू की गई है। इसके तहत रोजगार आधारित पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास, भवनों का नवीनीकरण और शिक्षकों के प्रशिक्षण जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

खनिज और ऊर्जा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की मजबूत स्थिति

महासमुंद के छात्र हेमंत यादव के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ संभावनाओं से भरा राज्य है। यहां लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, हीरा, सोना, लिथियम और यूरेनियम जैसे बहुमूल्य खनिज उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि देश के लगभग 19 से 20 प्रतिशत लौह अयस्क का उत्पादन छत्तीसगढ़ में होता है।उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब सुरक्षा शिविरों को सेवा केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां स्कूल, अस्पताल और प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर है और भविष्य में ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

युवा शक्ति को बताया राष्ट्र निर्माण का आधार

दुर्ग के छात्र निखिल कुमार ठाकुर के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से संस्कार, राष्ट्रभक्ति, बड़ों के सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत कभी विश्वगुरु रहा है और नालंदा-तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालय इसकी पहचान थे। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Read More  : SL vs IND Test: बुमराह की जगह आकिब नबी की एंट्री, टीम इंडिया में बड़ा बदलाव