NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों और अभिभावकों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के आरोपों ने पूरे देश में विरोध का माहौल बना दिया है। इसी कड़ी में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को गुरुवार को अहमदाबाद दौरे के दौरान विरोध का सामना करना पड़ा। छात्रों और विपक्षी संगठनों का आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
अहमदाबाद दौरे के दौरान हुआ विरोध प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, शिक्षा मंत्री का अहमदाबाद दौरा काफी गोपनीय रखा गया था ताकि किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन न हो सके। इसके बावजूद नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने पहले ही प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। जैसे ही मंत्री का काफिला कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ा, कुछ प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताने की कोशिश की। हालांकि पुलिस और प्रशासन पहले से सतर्क थे, इसलिए मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने स्थिति को किया नियंत्रित
प्रदर्शन के चलते कुछ कार्यकर्ताओं ने मंत्री के काफिले को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। अधिकारियों ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पहल से मजबूत की गई थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर हालात पर काबू पा लिया और कार्यक्रम को बिना किसी बड़े व्यवधान के पूरा कराया गया।
महाराष्ट्र में भी हुई कार्रवाई
इधर, नीट पेपर लीक मामले की जांच में महाराष्ट्र पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। बुधवार को राज्य के अलग-अलग इलाकों से दो लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें एक महिला ब्यूटीशियन भी शामिल है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों संदिग्धों से पूछताछ के बाद उन्हें आगे की जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दिया गया।
महिला ब्यूटीशियन समेत दो लोग हिरासत में
पुणे के बिबवेवाड़ी इलाके से मनीषा वाघमारे नाम की महिला को हिरासत में लिया गया, जो पेशे से ब्यूटीशियन बताई जा रही हैं। पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि पूछताछ के बाद महिला को सीबीआई के हवाले कर दिया गया है। हालांकि फिलहाल यह साफ नहीं किया गया है कि इस मामले में उसकी क्या भूमिका थी।
एक अन्य आरोपी भी सीबीआई को सौंपा गया
इसके अलावा अहिल्यानगर जिले के राहुरी क्षेत्र से 26 वर्षीय धनंजय निवृत्ति लोखंडे को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि उससे पूछताछ जारी है और पेपर लीक नेटवर्क में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों से जुड़े कई पहलुओं की जांच एजेंसियां बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।
परीक्षा रद्द होने के बाद बढ़ा विवाद
पेपर लीक के आरोपों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा को रद्द कर दिया है। इस फैसले के बाद छात्रों और अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है। लाखों उम्मीदवार अब नई परीक्षा तिथि और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं विपक्षी दल और छात्र संगठन लगातार सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।
HBSE 12th Result 2026: हरियाणा बोर्ड 12वीं रिजल्ट जारी, छात्राओं का शानदार प्रदर्शन










