Rahul Gandhi On Dharmendra Pradhan: देश में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और NEET जैसी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर है। इस बीच, कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर सीधा हमला बोलते हुए सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
शिक्षा मंत्री के बयान पर राहुल गांधी का प्रहार
बताते चले कि, राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को घेरते हुए कहा कि सत्ता के अहंकार में डूबी मोदी सरकार अब उस स्तर पर गिर गई है, जहां अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों को ‘दहशतगर्द’ कहा जा रहा है। उन्होंने शिक्षा मंत्री की नाकामी को करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया। राहुल गांधी ने कहा कि जिस मंत्री के कार्यकाल में इतने पेपर लीक हुए और कई छात्रों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया, उनका छात्रों को ‘आतंकवादी’ बताना बेहद निंदनीय है।
सवाल पूछने पर ‘देशद्रोही’ करार देने का आरोप
राहुल गांधी ने इसे सरकार का एक पुराना ‘पैटर्न’ बताया। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए हर सवाल उठाने वाले को अलग-अलग नाम देती है। उन्होंने याद दिलाया कि जब किसान अपने हक के लिए लड़े, तो उन्हें ‘आंदोलनजीवी’ कहा गया, आम नागरिकों को ‘Anti-National’ और अब जब युवा अपने भविष्य की सुरक्षा मांग रहे हैं, तो उन्हें ‘दहशतगर्द’ बताया जा रहा है। राहुल के अनुसार, यह इस सरकार की राजनीति करने का एक सुनियोजित तरीका है।
‘शिक्षा व्यवस्था नहीं, एक वसूली तंत्र है’
धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि वे इस लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आज की शिक्षा प्रणाली पूरी तरह से एक ‘वसूली तंत्र’ (Extortion System) में बदल चुकी है, जहां छात्रों के भविष्य को दांव पर लगाकर अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने वादा किया कि वे हर छात्र को निष्पक्ष परीक्षा और सस्ती व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
धर्मेंद्र प्रधान का पलटवार
गौरतलब है कि राहुल गांधी के इन आरोपों से पहले, गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर जोरदार पलटवार किया था। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल केवल राजनीतिक लाभ के लिए उम्मीदवारों को गुमराह कर रहे हैं। प्रधान ने आरोप लगाया कि विपक्ष जानबूझकर युवा छात्रों के मन में डर का माहौल पैदा कर रहा है ताकि NEET-UG परीक्षा की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया जा सके।










