Neeraj Chopra Injury: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को 2026 के एशियाई खेलों से पहले बड़ा झटका लगा है। ट्रेनिंग के दौरान एंकल में लिगामेंट टियर होने के बाद नीरज ने मौजूदा सीजन के बाकी हिस्से से हटने का फैसला किया है। उनकी इस चोट के कारण अब वह 2026 एशियन गेम्स में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। नीरज चोपड़ा ने शनिवार, 29 अगस्त को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी चोट की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि काफी मेहनत के बाद उन्हें अपने खेल में वह लय हासिल होती महसूस हो रही थी, लेकिन ट्रेनिंग के दौरान लगी चोट ने उनकी तैयारियों को अचानक रोक दिया।
लॉजेन डायमंड लीग में दिया था सीजन का बेस्ट प्रदर्शन
बताते चले कि, नीरज चोपड़ा के लिए यह चोट इसलिए भी ज्यादा निराशाजनक है क्योंकि कुछ ही दिन पहले उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। 21 अगस्त को लॉजेन डायमंड लीग में नीरज ने 88.05 मीटर का थ्रो फेंका था, जो इस सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इस थ्रो के बाद माना जा रहा था कि नीरज अपनी पुरानी लय में लौट रहे हैं और आने वाली बड़ी प्रतियोगिताओं में उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन इसके कुछ समय बाद ट्रेनिंग के दौरान उनके एंकल में लिगामेंट टियर हो गया।
नीरज चोपड़ा ने खुद बताई चोट की पूरी कहानी
आपको बता दे कि, नीरज ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि काफी मेहनत के बाद लॉजेन में सीजन का बेस्ट थ्रो करने से उन्हें लगा था कि वह उस रिदम को हासिल कर रहे हैं, जिसकी उन्हें तलाश थी। लेकिन इसके कुछ समय बाद ट्रेनिंग के दौरान उनके एंकल में लिगामेंट टियर हो गया। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों और अपनी टीम से सलाह-मशविरा करने के बाद उन्होंने मौजूदा सीजन के बाकी हिस्से में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है। नीरज ने कहा कि यह फैसला उनके लिए निराशाजनक है, खासकर इसलिए क्योंकि उन्हें लग रहा था कि वह अपनी लय हासिल करने के काफी करीब पहुंच चुके हैं।
चोट के बाद नीरज का फोकस अब रिकवरी पर
नीरज चोपड़ा ने अपनी पोस्ट में कहा कि खेल के सफर में रुकावटें भी आती हैं और अब उनका पूरा ध्यान अच्छी तरह से रिकवर होने पर रहेगा। उन्होंने संकेत दिया कि वह चोट से पूरी तरह उबरने के बाद पहले से ज्यादा मजबूती के साथ मैदान पर वापसी करने की कोशिश करेंगे। सीजन के बाकी हिस्से से बाहर होने का सीधा असर उनकी 2026 एशियन गेम्स की संभावित भागीदारी पर भी पड़ा है। हालांकि नीरज की सोशल मीडिया पोस्ट में सीधे एशियाई खेलों का नाम नहीं लिया गया, लेकिन पूरे सीजन से बाहर रहने के फैसले के चलते उनका एशियन गेम्स में खेलना संभव नहीं होगा।
2023 एशियन गेम्स में नीरज ने जीता था गोल्ड
नीरज चोपड़ा ने पिछले एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित एशियन गेम्स में नीरज ने 88.88 मीटर का थ्रो फेंककर पुरुष जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। इसी मुकाबले में भारत के किशोर जेना ने सिल्वर मेडल हासिल किया था। इस तरह भारत ने पुरुष जैवलिन थ्रो में गोल्ड और सिल्वर दोनों पदक जीतकर शानदार डबल पोडियम फिनिश किया था।
नीरज के बाहर होने से भारत की उम्मीदों को झटका
नीरज चोपड़ा का 2026 एशियन गेम्स से बाहर होना भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पिछले एशियाई खेलों में गोल्ड जीतने वाले नीरज इस बार भी भारत की पदक उम्मीदों के प्रमुख चेहरों में शामिल थे। फिलहाल उनका ध्यान चोट से उबरने और फिट होकर मैदान पर वापसी करने पर रहेगा।










