Nashik TCS Case: बीजेपी की फायरब्रांड नेता नवनीत राणा (Navneet Rana) एक बार फिर अपने आक्रामक तेवरों के कारण चर्चा में हैं। नासिक स्थित टीसीएस (TCS) में लड़कियों के साथ हुई कथित प्रताड़ना और ‘लव जिहाद’ के मामलों पर उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी है। नवनीत राणा ने नासिक की घटना को लेकर अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य प्यारे खान पर तीखा हमला बोला और साथ ही विपक्षी गठबंधन के बड़े चेहरों- अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे और प्रियंका गांधी को भी आड़े हाथों लिया।
नासिक TCS कांड और बुर्का विवाद पर चुप्पी पर सवाल
बताते चले कि, नवनीत राणा ने महाराष्ट्र राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य प्यारे खान (Pyare Khan) को निशाने पर लेते हुए उनसे कड़े सवाल पूछे। राणा ने पूछा कि जब नासिक में टीसीएस की लड़कियों को कथित तौर पर बुर्का पहनने और बीफ-मटन खाने के लिए मजबूर किया जा रहा था, तब प्यारे खान की आवाज क्यों नहीं निकली? उन्होंने आरोप लगाया कि प्यारे खान आज अचलपुर-परतवाड़ा की घटना पर तो राजनीति कर रहे हैं, लेकिन हिंदू बेटियों पर हुए जुल्म के समय वे मौन थे। नवनीत ने दोटूक कहा कि अगर कोई हिंदू बेटियों का गलत इस्तेमाल करेगा या वीडियो वायरल करेगा, तो वे मैदान में डटी रहेंगी।
‘कोचिंग जिहाद’ और लव जिहाद के बढ़ते मामले
अपने संबोधन में नवनीत राणा ने ‘लव जिहाद’ के साथ-साथ ‘कोचिंग जिहाद’ (Coaching Jihad Cases) का भी जिक्र किया। उन्होंने प्यारे खान पर निशाना साधते हुए कहा कि वे हिंदू धर्म को तो समझते हैं, लेकिन महाराष्ट्र में पाकिस्तान का झंडा लहराने वाली मानसिकता पर चुप रहते हैं। नवनीत राणा ने मांग की कि पुलिस थानों में दर्ज लव जिहाद (Love Jihad Cases) के सभी मामलों पर प्यारे खान अपना रुख स्पष्ट करें। उन्होंने सवाल किया कि कोचिंग संस्थानों की आड़ में होने वाले इस कथित ‘जिहाद’ और टीसीएस घटना के दोषियों पर अब तक क्या कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है?
विपक्षी कुनबावाद पर तंज
नवनीत राणा ने अखिलेश यादव और उद्धव ठाकरे जैसे नेताओं पर परिवारवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की जीवनसाथी को तो सीधे संसद का मंच मिल जाता है, लेकिन एक आम मजदूर या कार्यकर्ता की बेटी को राजनीति में जगह बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। नवनीत राणा ने दावा किया कि जहां विपक्षी दल केवल अपने परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाते हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ही इस देश की सामान्य पृष्ठभूमि वाली महिलाओं को असली अवसर और मंच प्रदान कर रहे हैं।
प्रियंका गांधी और महिला आरक्षण बिल
संसद में महिला आरक्षण बिल (Women’s Reservation Bill) पर हुई चर्चा का जिक्र करते हुए नवनीत राणा ने प्रियंका गांधी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जब प्रियंका गांधी सदन में इस मुद्दे पर बोल रही थीं, तब गृह मंत्री अमित शाह मुस्कुरा रहे थे। राणा ने चुटकी लेते हुए कहा कि अमित शाह बिल पर नहीं, बल्कि प्रियंका गांधी के बोलने के ‘अजीबोगरीब’ तरीके पर हंस रहे थे। उन्होंने विपक्षी नेताओं को सलाह दी कि वे महिलाओं के अधिकारों पर राजनीति करने के बजाय धरातल पर काम कर रही महिलाओं का समर्थन करना सीखें।









