WPL 2026: WPL 2025 की विजेता मुंबई इंडियंस ने अपनी नई किट (New Kit) का अनावरण कर दिया है। इस बार की जर्सी की थीम ‘Wicket Pulse’ रखी गई है, जो सीधे तौर पर मुंबई शहर की तेज रफ्तार और कभी न रुकने वाली ऊर्जा से प्रेरित है। जर्सी पर नीले रंग के विभिन्न शेड्स न केवल अरब सागर की लहरों को दर्शाते हैं, बल्कि यह मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की निरंतर गति का भी प्रतीक हैं। यह नई यूनिफॉर्म (New Uniform) टीम की उस मानसिकता को प्रदर्शित करती है जो हर हाल में आगे बढ़ने और कभी न हार मानने में विश्वास रखती है।
जर्सी में गोल्ड और कोरल रंगों का संगम
बताते चले कि, मुंबई इंडियंस की इस ताज़ा किट डिज़ाइन में रंगों का चुनाव बेहद सोच-समझकर किया गया है। जर्सी में चमकता ‘गोल्ड’ रंग टीम के आत्मविश्वास और निरंतर सफलता की विरासत को बयां करता है। वहीं, ‘कोरल’ रंग का इस्तेमाल मुंबई के लोगों की गर्मजोशी और एकजुटता को दिखाने के लिए किया गया है। यह रंग संयोजन मुंबई इंडियंस के मशहूर #OneFamily दर्शन को और अधिक मजबूती देता है, जो खिलाड़ियों और प्रशंसकों को एक भावनात्मक धागे में पिरोता है। यह स्पोर्ट्स गियर केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि मुंबई की आत्मा की कहानी है।
मुंबई ने कोचिंग स्टाफ में किया बड़ा बदलाव
आपको बता दे कि, जर्सी लॉन्च की चकाचौंध के बीच, मुंबई इंडियंस ने अपनी कोचिंग टीम में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बदलाव की घोषणा की है। ऑस्ट्रेलिया की पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर क्रिस्टन बीम्स को WPL 2026 के लिए ‘स्पिन बॉलिंग कोच’ नियुक्त किया गया है। बीम्स का आगमन टीम के गेंदबाजी आक्रमण को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। वह झूलन गोस्वामी जैसे दिग्गजों के साथ मिलकर मुंबई की स्पिन तिकड़ी को धार देंगी, जो आगामी सीजन में टीम के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है।
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज का शानदार करियर
मुंबई की नई बॉलिंग मेंटर क्रिस्टन बीम्स का अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। वह 2017 के महिला वनडे विश्व कप में तीसरी सबसे सफल गेंदबाज थी। ऑस्ट्रेलिया के लिए 30 वनडे, 18 टी20 और एक टेस्ट मैच खेलने वाली बीम्स के पास WBBL का भी लंबा अनुभव है। क्रिकेट से संन्यास के बाद, उन्होंने द हंड्रेड और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के साथ काम करते हुए खुद को एक बेहतरीन रणनीतिकार और कोच के रूप में स्थापित किया है।
MI परिवार के साथ जुड़ने पर क्रिस्टन बीम्स का बयान
एक आधिकारिक वीडियो संदेश में क्रिस्टन बीम्स ने मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ने पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि झूलन गोस्वामी जैसी महान खिलाड़ी के मार्गदर्शन में काम करना उनके लिए सम्मान की बात है। बीम्स के अनुसार, मुंबई इंडियंस सिर्फ एक टीम नहीं बल्कि एक परिवार है जहाँ ‘जीतने की संस्कृति’ रची-बसी है। उन्होंने विश्वास जताया कि MI का घरेलू माहौल उन्हें अपनी सर्वश्रेष्ठ कोचिंग प्रतिभा दिखाने में मदद करेगा।










