Mumbai Fire: फ्रिज ब्लास्ट से दहला गोरेगांव! घर में आग लगने से तीन की मौत

मुंबई के गोरेगांव वेस्ट स्थित भगत सिंह नगर में बुधवार की रात एक घर में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में गहरी नींद में सो रहे तीन लोगों की जलकर मौत हो गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है, जबकि शुरुआती जांच में फ्रिज ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Mumbai Fire

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जनवरी 10, 2026

Mumbai Fire: मुंबई के गोरेगांव वेस्ट स्थित भगत सिंह नगर में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक हृदयविदारक हादसा हुआ। एक रिहायशी मकान में अचानक भड़की आग ने तीन जिंदगियों को लील लिया। इस घटना ने एक बार फिर घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

TISS Mumbai Report: TISS रिपोर्ट का दावा, मुंबई की जनसांख्यिकी में बदलाव, 2051 तक बड़ा असर संभव

आधी रात को मची चीख-पुकार

बताते चले कि, भगत सिंह नगर में जब लोग गहरी नींद में थे, तभी एक घर में आग की लपटें उठने लगी। मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) के मुताबिक, हादसा इतना अचानक और भयावह था कि घर के भीतर मौजूद सदस्यों को संभलने या भागने का तनिक भी अवसर नहीं मिला। धुएं और लपटों के बीच दम घुटने और जलने से तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और एक पुरुष की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे व्यक्ति की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।

फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड के दमकल कर्मी और गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सबसे पहले आग को आसपास के सटे हुए मकानों में फैलने से रोका। संकरी गलियों और घनी बस्ती होने के बावजूद, फायर फाइटर्स ने कुछ ही समय में लपटों पर पूरी तरह काबू पा लिया और भीतर फंसे शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है।

आग लगने के संभावित कारण

फिलहाल इस अग्निकांड की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती कयासों ने स्थानीय लोगों को डरा दिया है। अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव जैसे तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, मौके पर मौजूद चश्मदीदों और कुछ अधिकारियों का अनुमान है कि घर में रखे रेफ्रिजरेटर (फ्रिज) में धमाका होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण किया होगा। विशेषज्ञों की टीम फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर अंतिम रिपोर्ट तैयार करेगी।

भगत सिंह नगर में शोक की लहर

इस भीषण हादसे के बाद पूरे गोरेगांव और विशेषकर भगत सिंह नगर इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर भी दहशत है कि ऐसी बस्तियों में आग लगने पर बचाव के रास्ते बेहद सीमित होते हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली के उपकरणों और गैस सिलेंडर की समय-समय पर जांच करवाते रहें ताकि भविष्य में ऐसी अनहोनी को टाला जा सके।

Delhi Mumbai Expressway Accident: भीषण टक्कर के बाद धू-धू कर जली पिकअप, 3 जिंदगियां खाक; पुलिस जांच में जुटी