Air India IndiGo Collision: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर मंगलवार, 3 फरवरी को एक गंभीर सुरक्षा चूक देखने को मिली। रनवे के पास टैक्सीवे पर एअर इंडिया और इंडिगो के दो एयरबस A320 विमानों के पंखों के किनारे (Wingtips) एक-दूसरे से रगड़ खा गए। हालांकि इस टक्कर में दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मध्य प्रदेश का बजट 2026-27 जल्द, 18 फरवरी को पेश होगा; यहां जानें मुख्य बिंदु
रनवे और टैक्सीवे पर विमानों की भिड़ंत की पूरी कहानी
बताते चले कि, यह घटना उस समय हुई जब एअर इंडिया की उड़ान AI2732, जो मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली थी, उड़ान भरने के लिए टैक्सीवे पर अपनी बारी का इंतज़ार कर रही थी। ठीक उसी समय, हैदराबाद से मुंबई पहुंची इंडिगो की उड़ान 6E 791 लैंडिंग के बाद पार्किंग स्टैंड की ओर बढ़ रही थी। मुंबई एयरपोर्ट के समानांतर रनवे के पास संचालन के दौरान दोनों विमानों के पंख आपस में टकरा गए। एअर इंडिया के विमान के पंख के अगले हिस्से को इस टक्कर से काफी क्षति पहुँची है, जिसके कारण उड़ान में देरी हुई और यात्रियों को दूसरे विमान का इंतज़ार करना पड़ा।
विमान कंपनियों और इंडिगो प्रवक्ता द्वारा आधिकारिक बयान
हादसे के तुरंत बाद इंडिगो के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि हैदराबाद-मुंबई उड़ान के लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय यह संपर्क हुआ। उन्होंने पुष्टि की कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और प्रोटोकॉल के तहत जांच शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर, एअर इंडिया ने भी विमान के विंगटिप को हुए नुकसान की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विमान को तुरंत ग्राउंडेड (सेवा से बाहर) कर दिया गया है। दोनों ही विमानों को विस्तृत निरीक्षण के लिए हैंगर में भेज दिया गया है।
DGCA की जांच और सुरक्षा प्रोटोकॉल
घटना की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने तुरंत हस्तक्षेप किया है। मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) की एक विशेष टीम घटनास्थल पर पहुँच चुकी है। डीजीसीए इस बात की बारीकी से जांच कर रहा है कि क्या यह घटना पायलट की गलती थी या एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) द्वारा दिए गए निर्देशों में कोई चूक हुई। फिलहाल दोनों विमानों को जांच के लिए उनके निर्धारित बे (Bay) में खड़ा कर दिया गया है। विमानों में सवार यात्रियों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन अधिकारियों ने बार-बार दोहराया है कि किसी को भी चोट नहीं आई है।










