Moradabad News: मामूली विवाद बना मौत का कारण, सनकी पति ने फावड़े से की पत्नी की हत्या

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक सनसनीखेज वारदात हुई है। कटघर कोतवाली क्षेत्र के देवापुर गांव में खाने में देरी को लेकर हुए विवाद में पति राजू सैनी ने अपनी पत्नी पूनम की फावड़े से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पत्नी के शव के पास ही बैठा रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Moradabad News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जनवरी 9, 2026

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहां के कटघर कोतवाली इलाके में एक पति ने मामूली घरेलू कलह के बाद अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे देवापुर गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

Weather Update: यूपी में मौसम का यू-टर्न, 24 घंटे में कोहरे से राहत लेकिन गलन बरकरार

खाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप

बताते चले कि, मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवापुर गांव में एक छोटे से झगड़े ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोपी पति, जिसकी पहचान राजू सैनी के रूप में हुई है, शाम को खेत से मजदूरी कर घर लौटा था। घर पहुंचते ही उसने अपनी पत्नी पूनम से भोजन की मांग की। पुलिस जांच में सामने आया है कि खाना तैयार होने में हुई देरी की वजह से दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते राजू का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने घर में रखे फावड़े से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया।

पशुशाला में खून से लथपथ मिली पत्नी की लाश

आपको बता दे कि, यह वारदात इतनी वीभत्स थी कि आरोपी ने आवेश में आकर अपनी पत्नी पूनम के सिर पर फावड़े से एक के बाद एक तीन वार किए। हमले के वक्त पूनम घर के कामकाज और पशुशाला के कार्यों में व्यस्त थी। सिर पर लगी गंभीर चोटों के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी पति मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि वह अपनी मृत पत्नी के शव के पास ही बैठा रहा। घटनास्थल पर चारों तरफ बिखरा हुआ खाना उस विवाद की गवाही दे रहा था, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस

जैसे ही इस निर्मम हत्या की खबर ग्रामीणों को लगी, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही कटघर थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्यारे पति राजू सैनी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है।

मृतका की बेटी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी राजू और पूनम के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक अनबन और तनाव चल रहा था। छोटी-छोटी बातों पर होने वाले झगड़ों ने इस दिन हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में मृतका की बेटी ने अपने पिता के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि क्या इस हत्याकांड के पीछे कोई और गहरा कारण तो नहीं था।

मुरादाबाद पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर (SP City) कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस को शाम करीब 5 बजे इस घरेलू हिंसा और हत्या की सूचना मिली थी। उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी ने फावड़े का इस्तेमाल कर अपनी पत्नी की जान ली है। एसपी ने कहा, “आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और सभी वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।” यह घटना समाज में बढ़ते आक्रोश और घरेलू हिंसा के खतरों को एक बार फिर उजागर करती है।

मौसम की मार: कोहरे से वाराणसी और प्रयागराज एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन प्रभावित