Monalisa On Sanoj Mishra: महाकुंभ वायरल गर्ल का सनोज मिश्रा पर गंभीर आरोप, रोते हुए मांगी सुरक्षा

महाकुंभ से प्रसिद्ध हुईं मोनालिसा भोसले ने निर्देशक सनोज मिश्रा पर यौन शोषण और गलत तरीके से छूने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फहमान खान से शादी के बाद मिल रही जान से मारने की धमकियों के बीच, मोनालिसा ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई और सरकार से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 25, 2026

Monalisa On Sanoj Mishra: कुंभ मेले से रातों-रात शोहरत हासिल करने वाली मोनालिसा भोसले (Monalisa Bhosale) अपनी निजी जिंदगी और करियर को लेकर विवादों के केंद्र में हैं। हाल ही में कोच्चि में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए बॉलीवुड निर्देशक सनोज मिश्रा पर यौन शोषण और गंभीर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं।

बॉलीवुड निर्देशक सनोज मिश्रा पर उत्पीड़न के आरोप

बताते चले कि, मोनालिसा ने निर्देशक सनोज मिश्रा के चरित्र पर सवाल उठाते हुए उन्हें एक “गंदा इंसान” करार दिया। उन्होंने रोते हुए खुलासा किया कि फिल्म में काम देने के बहाने सनोज ने उन्हें कई बार गलत तरीके से छूने (Molestation) का प्रयास किया। वायरल गर्ल का दावा है कि निर्देशक कम उम्र की लड़कियों को सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर उनका शोषण करते हैं। मोनालिसा के अनुसार, यह केवल उनके साथ नहीं बल्कि कई अन्य लड़कियों के साथ भी हो रहा है, जहाँ काम के बदले अनुचित मांगें रखी जाती हैं।

शारीरिक शोषण की आपबीती पर मोनालिसा का दर्द

आपको बता दे कि, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी व्यथा सुनाते हुए मोनालिसा ने बताया कि जब उन्होंने अपने साथ हुई इस बदसलूकी की जानकारी अपने परिवार को दी, तो उन्होंने भी उनका साथ नहीं दिया। अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि उनके परिजनों ने करियर की दुहाई देते हुए चुप्पी साधे रखने को कहा। उन्होंने भावुक होकर सवाल किया, “क्या पहली फिल्म के लिए मैं अपना रेप होने देती?” उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय की गुहार लगाने के बावजूद अपनों से मिले तिरस्कार ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया है।

लव जिहाद के आरोप और जान से मारने की धमकियां

मोनालिसा और उनके मुस्लिम पति फहमान खान (Fahmaan Khan) ने दावा किया कि 11 मार्च को हिंदू रीति-रिवाजों से हुई उनकी शादी के बाद से उन्हें कट्टरपंथियों और असामाजिक तत्वों से लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन पर ‘लव जिहाद’ के आरोप लगाए जा रहे हैं और उनके पोस्टर जलाए जा रहे हैं। मोनालिसा ने भारत सरकार से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि उन्हें सरेआम काट डालने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे उनका जीवन खतरे में है।

सनोज मिश्रा पर सांप्रदायिक दंगे भड़काने का इल्जाम

वायरल गर्ल ने निर्देशक सनोज मिश्रा पर अपनी निजी जिंदगी में दखल देने और उनके पति की छवि बिगाड़ने का आरोप लगाया। मोनालिसा ने कहा कि निर्देशक के दबाव में आकर कुछ लोग उनके पति फहमान को ‘आतंकवादी’ करार दे रहे हैं, जो सरासर झूठ है। उन्होंने आगे दावा किया कि सनोज मिश्रा देश में आतंकवाद और लड़ाई-झगड़े का माहौल पैदा करना चाहते हैं ताकि वे “राजा की तरह बैठकर तमाशा देख सकें।”

केरल के मंदिर में हाई-प्रोफाइल शादी

ज्ञात हो कि मोनालिसा भोसले 2025 के महाकुंभ मेले के दौरान अपनी तस्वीरों से इंटरनेट पर छा गई थी। इसके बाद उन्होंने सनोज मिश्रा के साथ अपनी पहली फिल्म साइन की थी। 11 मार्च को उन्होंने केरल के अरुमानूर नैनार मंदिर में मंत्री वी. शिवनकुट्टी और सीपीआई (एम) सचिव एम.वी. गोविंदन की मौजूदगी में फहमान खान से विवाह किया था। इस हाई-प्रोफाइल शादी के बाद से ही विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।