UP Politics: ‘नकल माफिया पर सरकार पूरी तरह नाकाम…’ CM योगी के दावों की हवा निकालते हुए सपा सांसद ने उठाए गंभीर सवाल

समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नकल माफिया वाले बयान पर जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने में लगी है, जबकि सपा शासनकाल में शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक कार्य हुए थे और एक भी पेपर लीक जैसी घटना नहीं हुई थी।

UP Politics

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जुलाई 26, 2026

UP Politics: उत्तर प्रदेश की सियासत में नकल माफिया और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर घमासान छिड़ गया है। समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर कड़ा पलटवार किया है, जिसमें सीएम ने नकल माफिया को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की देन बताया था और उन्हें मिट्टी में मिलाने की बात कही थी। सांसद नदवी ने पलटवार करते हुए कहा कि यूपी में आज सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं और लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार अपनी प्रशासनिक नाकामियों को छिपाने के लिए केवल बयानबाजी कर रही है और हकीकत में नकल माफियाओं को खुली छूट दी जा रही है।

छात्रों को लैपटॉप बांटने और शिक्षा को बढ़ावा देने का किया दावा

आपको बता दे कि, सपा सांसद ने अपनी पार्टी के कार्यकाल का बचाव करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक कार्य किए गए और पेपर लीक जैसी कोई भी घटना सामने नहीं आई थी। उस दौरान मेधावी छात्रों को लैपटॉप बांटे गए ताकि उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। वहीं, एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी द्वारा अखिलेश यादव की छवि और राजनीतिक भूमिका को लेकर दिए गए बयानों को नदवी ने सिरे से खारिज कर दिया।

उन्होंने दो टूक कहा कि अखिलेश यादव और सपा हमेशा हर पीड़ित वर्ग के साथ खड़ी रही है। ओवैसी का नजरिया भले ही उनके गृह राज्य तेलंगाना के लिए सही हो, लेकिन उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के मुसलमान अपने दोस्त और राजनीतिक रास्ते खुद चुनना जानते हैं और वे भली-भांति वाकिफ हैं कि कौन उनके अधिकारों के लिए मजबूती से लड़ रहा है।

अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी और SIT जांच पर उठाए सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस और बातचीत के दौरान सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने अयोध्या में दान और चंदा चोरी के मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा नई एसआईटी (SIT) गठित किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस गंभीर मामले की रिपोर्ट अभी तक सामने नहीं आई है और कानूनी प्रक्रिया बहुत लंबी खिंचती जा रही है। यह सीधे तौर पर करोड़ों लोगों की आस्था का मामला है, इसलिए इसका फैसला बहुत पहले आ जाना चाहिए था। जांच में हो रही इस देरी के कारण आम जनता और श्रद्धालुओं के मन में बेचैनी लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही, नीट पेपर लीक और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहे घोटालों को लेकर उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार दोनों को आड़े हाथों लिया।

शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और सियासी सरगर्मी

सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के इन तीखे बयानों ने उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। एक तरफ जहां सरकार नकल माफिया के खात्मे का दावा कर रही है, वहीं विपक्ष लगातार पेपर लीक और बंद होते स्कूलों का मुद्दा उठाकर सरकार को घेर रहा है। नीट विवाद, राम मंदिर चंदा जांच में देरी और ओवैसी के बयानों पर सपा का यह आक्रामक रुख ऐसे समय में सामने आया है जब सूबे में आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर सभी दल अपनी रणनीति को धार देने में जुटे हुए हैं।