Mohanlal Drishyam 3 Advance Booking: मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल एक बार फिर अपनी मास्टरपीस फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम 3’ के साथ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। जीतू जोसेफ के निर्देशन में बनी यह क्राइम थ्रिलर रिलीज से पहले ही रिकॉर्ड तोड़ रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच भारी दीवानगी देखी जा रही है, जिसका सीधा असर इसकी प्री-टिकट सेल और एडवांस बुकिंग पर दिखाई दे रहा है।
Raja Shivaji BO Day 14: 100 करोड़ क्लब से बस कुछ कदम दूर, जारी है धमाकेदार कमाई
एडवांस बुकिंग में ‘दृश्यम 3’ का दबदबा
इंडस्ट्री ट्रैकर्स और ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने एडवांस बुकिंग के मामले में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों ही बाजारों में ‘गर्दा उड़ा’ दिया है। फिल्म विश्लेषक एबी जॉर्ज की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की वर्ल्डवाइड एडवांस बुकिंग 10 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है और माना जा रहा है कि यह मलयालम सिनेमा के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर फिल्म का यही ट्रेंड जारी रहा, तो यह न केवल केरल बल्कि ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
जॉर्ज कुट्टी के रहस्यमयी सफर की अगली कड़ी
‘दृश्यम 3’ भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित थ्रिलर फ्रेंचाइजी का तीसरा भाग है। यह कहानी वहीं से शुरू होगी जहाँ ‘दृश्यम 2’ खत्म हुई थी। फिल्म में जॉर्ज कुट्टी (मोहनलाल) और उसके परिवार के उन संघर्षों को दिखाया जाएगा, जहाँ वे अपने अतीत के रहस्यों को छुपाने और कानून से बचने की कोशिश करते हैं।
फिल्म की स्टार कास्ट में मोहनलाल के साथ मीना, अंसीबा हसन और एस्थर अनिल अपनी पुरानी भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके अलावा सिद्दीकी, आशा शरथ, मुरली गोपी और वीना नंदकुमार भी महत्वपूर्ण किरदारों में फिल्म की गहराई बढ़ाएंगे।
रिलीज की तारीख
हाल ही में फिल्म का एक बिहाइंड-द-सीन (BTS) वीडियो जारी किया गया था, जिसने फैंस के उत्साह को दोगुना कर दिया है। मोहनलाल ने खुद सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की पुष्टि की है। ‘दृश्यम 3’ दुनिया भर के सिनेमाघरों में 21 मई 2026 को दस्तक देने वाली है।
हिंदी वर्जन का भी हुआ ऐलान
मलयालम वर्जन के साथ-साथ हिंदी दर्शकों के लिए भी बड़ी खबर सामने आई है। हिंदी ‘दृश्यम’ के निर्माता कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक ने पुष्टि की है कि अजय देवगन स्टारर हिंदी ‘दृश्यम 3’ इस साल 2 अक्टूबर को रिलीज होगी। अभिषेक पाठक ने बताया कि वे मलयालम कंटेंट की गुणवत्ता से काफी प्रभावित हैं और हिंदी वर्जन को भी उसी भव्यता के साथ पेश किया जाएगा।








