PM Modi Birthday: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को गुजरात के वडनगर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्षों के राजनीतिक जीवन को गरीब कल्याण, विकास और भारत की समृद्धि की नींव रखने वाला कालखंड बताया। शाह ने कहा कि मोदी के इन वर्षों को इतिहास में गरीब कल्याण के लिए याद किया जाएगा।
पीएम मोदी के 25 वर्ष के राजनीतिक सफर का जिक्र

बताते चले कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर में हुआ था। गुरुवार को उनके 76वें जन्मदिन के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 2014 में वह देश के प्रधानमंत्री बने और 7 अक्टूबर को निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में उनके 25 वर्ष पूरे होंगे।
गरीब कल्याण योजनाओं को लेकर अमित शाह का दावा
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने की दिशा में काम हुआ है। उन्होंने आवास, शौचालय, बिजली, नल से जल, मुफ्त राशन, स्वास्थ्य बीमा और गैस कनेक्शन जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। शाह ने कहा कि गरीब परिवारों के जीवन में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर सरकार ने विशेष जोर दिया है।
समावेशी विकास और वंचित वर्गों पर फोकस
इसी कड़ी में , गृह मंत्री ने कहा कि गरीबी से निकले प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सामने समान और समावेशी विकास का दृष्टिकोण रखा। उन्होंने कहा कि मोदी का 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन गरीबों, पिछड़े वर्गों, दलितों और आदिवासियों के लिए सेवा और विकास से जुड़ा रहा है। शाह ने प्रधानमंत्री की सादगी और ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच का भी उल्लेख किया।
गुजरात मॉडल से राष्ट्रीय विकास तक का सफर
अमित शाह ने मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के गुजरात कार्यकाल की कई योजनाओं का जिक्र किया। इनमें जल प्रबंधन, वनबंधु कल्याण योजना, सागर खेडू कल्याण योजना, औद्योगिक विकास, वाइब्रेंट गुजरात और गांवों में बिजली आपूर्ति जैसी पहल शामिल हैं। शाह के मुताबिक, 2014 के बाद गुजरात में किए गए विकास कार्यों का विस्तार राष्ट्रीय स्तर पर किया गया।
सड़क, रेलवे और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार
शाह ने केंद्र सरकार के दौरान सड़क, रेलवे, एयरपोर्ट, बंदरगाह और डिजिटल बुनियादी ढांचे के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में हवाई अड्डों की संख्या बढ़ी है। पीएम गति शक्ति, डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों को उन्होंने युवाओं के लिए नए अवसरों से जोड़ते हुए भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का हिस्सा बताया।
राष्ट्रीय सुरक्षा और अंतरिक्ष मिशन का जिक्र
अमित शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसलों का उल्लेख करते हुए अनुच्छेद 370, नागरिकता संशोधन कानून, भारतीय न्याय संहिता और पूर्वोत्तर में हुए शांति समझौतों का जिक्र किया। उन्होंने रक्षा उत्पादन और चंद्रयान तथा आदित्य-एल1 जैसे अंतरिक्ष अभियानों को भी भारत की उपलब्धियों से जोड़ा। शाह ने कहा कि मोदी के 25 वर्षों के सफर को ‘भारत प्रथम’ के विचार से जोड़ा जा सकता है।
वडनगर से वाराणसी तक मोटरसाइकिल रैली

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक आयोजित मोटरसाइकिल रैली सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के संकल्प का प्रतीक है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से भी रैली को हरी झंडी दिखाई गई। दोनों यात्राओं का समापन 7 अक्टूबर को निर्धारित है।
10 राज्यों और 193 जिलों से होकर गुजरेगी यात्रा
भाजपा के अनुसार, वडनगर और वाराणसी से शुरू हुई दोनों रैलियां 10 राज्यों के 193 जिलों और करीब 1,159 गांवों से होकर गुजरेंगी। इन यात्राओं के दौरान लगभग 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करने और करीब एक हजार युवाओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
वडनगर में महाआरती और हटकेश्वर मंदिर में दर्शन
अभियान की शुरुआत से पहले अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य नेताओं ने वडनगर की शर्मिष्ठा झील में महाआरती की। इसके बाद सभी नेता पैदल भगवान शिव के प्राचीन हटकेश्वर मंदिर पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्ष के निर्वाचित राजनीतिक सफर को केंद्र में रखा गया।










