Miss Universe India 2026: केरल की बेटी कैजिया लिज मैजो ने मारी बाजी, बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026

52 खूबसूरत प्रतिभागियों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और टॉप 2 में पहुंचने के बाद तस्वीर पूरी तरह बदल गई। आखिरी 40 सेकेंड के क्लोजिंग रिमार्क ने फैसला पलट दिया। रात 2:30 बजे जैसे ही विजेता के नाम का ऐलान हुआ, केरल की कैजिया लिज मैजो के सिर सजा ताज।

केरल की बेटी कैजिया लिज मैजो ने मारी बाजी

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

अगस्त 24, 2026

Miss Universe India 2026: मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के तीसरे संस्करण का भव्य आयोजन 23 अगस्त 2026 को राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित जी स्टूडियोज में किया गया। देशभर से आई 52 प्रतिभागियों ने इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद केरल की 19 वर्षीय कैजिया लिज मेजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज अपने नाम कर लिया।

प्रतियोगिता के विजेता की घोषणा देर रात करीब 2:30 बजे की गई। कैजिया की जीत के बाद अब वह नवंबर 2026 में प्यूर्टो रिको में आयोजित होने वाली मिस यूनिवर्स 2026 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

CG की बेटियों का अनोखा आविष्कार! थूकने पर अलार्म और बारिश में ऑटोमैटिक

टॉप 5 में इन सुंदरियों ने बनाई जगह

मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के अंतिम दौर में पांच प्रतियोगियों ने जगह बनाई। इनमें तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश, महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव, केरल की कैजिया लिज मेजो, गुजरात की अनुश्री सतवालेकर और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ शामिल थीं।

फाइनल मुकाबले में कैजिया लिज मेजो और तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश के बीच बेहद करीबी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। दोनों प्रतियोगियों ने टॉप 2 में अपनी जगह बनाई। अंतिम चरण में प्रतियोगियों को 40 सेकेंड में अपना क्लोजिंग रिमार्क प्रस्तुत करने की चुनौती दी गई। कैजिया ने इस राउंड में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों का दिल जीता और विजेता का ताज हासिल किया।

जानिए कौन हैं कैजिया लिज मेजो

कैजिया लिज मेजो महज 19 साल की हैं। वह लॉ की पढ़ाई कर रही हैं और मॉडलिंग के साथ-साथ क्लासिकल डांस में भी प्रशिक्षित हैं। इससे पहले वह मिस टीन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, जहां उन्होंने फर्स्ट रनर-अप का स्थान हासिल किया था। राष्ट्रीय स्तर पर मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतने से पहले कैजिया ने मिस यूनिवर्स केरल 2026 का ताज भी अपने नाम किया था। उनकी उपलब्धियों और आत्मविश्वास ने उन्हें इस प्रतियोगिता के फाइनल में मजबूत दावेदार बनाया।

किसे मिला कौन सा स्थान?

प्रतियोगिता में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप रहीं। गुजरात की अनुश्री सतवालेकर ने सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव थर्ड रनर-अप और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ चौथी रनर-अप रहीं।

दिग्गज हस्तियों ने संभाली जजों की जिम्मेदारी

जयपुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के जज पैनल में मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियां शामिल थीं। बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन के साथ उर्वशी रौतेला और सेलिना जेटली ने भी प्रतियोगियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। फिल्ममेकर प्रज्ञा कपूर समेत अन्य प्रमुख हस्तियां भी जजिंग पैनल का हिस्सा रहीं। कैजिया लिज मेजो की जीत के साथ अब सभी की निगाहें नवंबर में होने वाले मिस यूनिवर्स 2026 पर टिकी हैं, जहां वह भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी दावेदारी पेश करेंगी।

Nagpur Chlorine Gas Leak: गोधनी वॉटर प्लांट से गैस रिसाव, 40 लोग