Who is Krish Bhagat: मुंबई इंडियंस (MI) ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि युवा ऑलराउंडर कृष भगत को टीम में शामिल किया गया है। यह फैसला टीम के खिलाड़ी अथर्व अंकोलेकर के घुटने की गंभीर चोट के कारण लिया गया है। गौरतलब है कि आईपीएल 2026 के आगाज से पहले ही अंकोलेकर चोटिल होकर पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। टूर्नामेंट के चार मैच बीत जाने के बाद, फ्रेंचाइजी ने गुरुवार को कृष भगत के नाम पर मुहर लगाई, जो अब मुंबई की नीली जर्सी में खेलते नजर आएंगे।
मुंबई इंडियंस का अब तक का प्रदर्शन
बताते चले कि, मौजूदा सीजन में हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस के लिए राहें आसान नहीं रही हैं। टीम ने अब तक खेले गए मैचों में से केवल एक में जीत दर्ज की है। पहले मैच में शानदार शुरुआत के बाद, पलटन को लगातार तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। टीम की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब पिछले मैच के दौरान अनुभवी ओपनर रोहित शर्मा चोटिल हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोट की गंभीरता को देखते हुए रोहित पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से बाहर रह सकते हैं।
कौन हैं कृष भगत?
आपको बता दे कि, 21 वर्षीय कृष भगत एक प्रतिभाशाली दाएं हाथ के ऑलराउंडर हैं। घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व करने वाले भगत अपनी तेज गेंदबाजी से आक्रमण में विविधता लाते हैं और निचले क्रम में आकर लंबे शॉट्स लगाने की क्षमता रखते हैं। वह पिछले दो सालों से मुंबई इंडियंस के स्काउट्स की नजर में थे और लगातार टीम के ट्रायल्स का हिस्सा रहे हैं। उनकी निरंतरता ही उन्हें मुख्य स्क्वाड तक ले आई है।
डीवाई पाटिल कप से IPL तक का सफर
कृष भगत इस साल डीवाई पाटिल टी20 कप में रिलायंस की टीम के लिए खेले थे। वह प्री-सीजन कैंप से ही मुंबई इंडियंस के साथ एक ‘सपोर्ट बॉलर’ के रूप में जुड़े हुए थे। टीम मैनेजमेंट ने अपने बयान में उनकी तारीफ करते हुए कहा कि कृष ने अपनी कड़ी मेहनत और नेट प्रैक्टिस के दौरान कोचों को काफी प्रभावित किया है। उनके घरेलू आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने 7 फर्स्ट क्लास मैचों में 145 रन और 7 विकेट लिए हैं, वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन संतुलित रहा है।
वानखेड़े में पंजाब किंग्स से भिड़ंत
आज मुंबई इंडियंस अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स का सामना करेगी। यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जहाँ मुंबई की टीम अपनी हार का सिलसिला तोड़कर पटरी पर लौटना चाहेगी। फैंस इस रोमांचक मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, जबकि मोबाइल और लैपटॉप यूजर्स के लिए जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी। कृष भगत की एंट्री से क्या मुंबई की किस्मत बदलेगी, यह देखना दिलचस्प होगा।









