MI vs PBKS: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) का अब तक का सफर किसी बुरे सपने जैसा रहा है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम ने 4 मैचों में से केवल 1 में जीत हासिल की है और वह अंक तालिका में मुश्किल स्थिति में है। आज उनका सामना श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स (PBKS) से है, जो इस सीजन की एकमात्र ऐसी टीम है जिसने अभी तक एक भी मैच नहीं हारा है। मुंबई के लिए चुनौती पहाड़ जैसी है, क्योंकि एक और हार उन्हें प्ले-ऑफ की रेस से काफी पीछे धकेल सकती है।
रोहित शर्मा की इंजरी ने बढ़ाई टेंशन
बताते चले कि, मैच से पहले मुंबई कैंप से सबसे बड़ी चिंता रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर है। पिछले मैच में हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण रोहित को ‘रिटायर्ड हर्ट’ होकर मैदान छोड़ना पड़ा था। अगर रोहित आज फिट नहीं होते हैं, तो ओपनिंग की जिम्मेदारी क्विंटन डिकॉक संभाल सकते हैं। हालांकि, डिकॉक को शामिल करने का मतलब होगा कि विदेशी खिलाड़ियों के समीकरण के चलते ट्रेंट बोल्ट को बाहर बैठना पड़ सकता है। ऐसे में रयान रिकेल्टन और डिकॉक की नई जोड़ी मैदान पर दिख सकती है।
वानखेड़े की पिच का मिजाज
आपको बता दे कि, मुंबई का ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम अपनी छोटी बाउंड्री और रनों के अंबार के लिए जाना जाता है। पिछले मुकाबले में यहां आरसीबी ने 240 रन बनाए थे, जिसके जवाब में एमआई ने भी 222 रन ठोक दिए थे। पिच रिपोर्ट के अनुसार, यहां टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना फायदेमंद रहता है। पहली पारी का औसत स्कोर 172 है, लेकिन यहाँ जीत के लिए कम से कम 210-220 रनों का लक्ष्य सुरक्षित माना जाएगा। ओस की भूमिका को देखते हुए कप्तान बाद में बल्लेबाजी करना पसंद करेंगे।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
जब बात मुंबई इंडियंस बनाम पंजाब किंग्स के इतिहास की आती है, तो मुकाबला हमेशा बराबरी का रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 34 मैच हुए हैं, जिनमें से 17 बार मुंबई ने और 17 बार ही पंजाब ने बाजी मारी है। पंजाब का मुंबई के खिलाफ सर्वाधिक स्कोर 230 है, जबकि मुंबई ने पंजाब के खिलाफ 223 रन बनाए हैं। आज का मैच इस बराबरी के रिकॉर्ड को किसी एक टीम के पक्ष में मोड़ने का काम करेगा।
संभावित प्लेइंग इलेवन और इम्पैक्ट प्लेयर्स
मुंबई इंडियंस (MI): रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), क्विंटन डिकॉक, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, शेफरेन रदरफोर्ड, मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मयंक मारकंडे। (इम्पैक्ट प्लेयर: कृष भगत)
पंजाब किंग्स (PBKS): प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, वैशाख विजय कुमार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल। (इम्पैक्ट प्लेयर: नेहाल वढेरा)
मौसम का हाल और लाइव स्ट्रीमिंग की जानकारी
क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि आज मुंबई में बारिश की कोई संभावना नहीं है। शाम के समय तापमान 29-30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस हाई-वोल्टेज मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। इसके अलावा, डिजिटल दर्शकों के लिए जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी। टॉस शाम 7 बजे होगा और पहली गेंद 7:30 बजे फेंकी जाएगी।









