Hardik Pandya Statement: आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में गुरुवार का दिन मुंबई इंडियंस के लिए किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ। वानखेड़े के मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 103 रनों के विशाल अंतर से धूल चटा दी। यह हार न केवल इस सीजन की सबसे करारी शिकस्त है, बल्कि आईपीएल इतिहास में पहली बार मुंबई इंडियंस को 100 से अधिक रनों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है।
संजू सैमसन का तूफानी शतक
बताते चले कि, चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में शानदार 207 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। इस विशाल लक्ष्य की नींव संजू सैमसन के धमाकेदार शतक ने रखी। सैमसन की आक्रामक पारी की बदौलत सीएसके के बल्लेबाजों ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर क्लास ली। रनों के अंबार के आधार पर यह चेन्नई सुपर किंग्स की मुंबई के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक जीत दर्ज की गई है।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही
बताते चले कि, 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 11 रनों के स्कोर पर अपने 3 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। क्विंटन डिकॉक (7) सस्ते में पवेलियन लौट गए, जबकि दानिश मालेवर और नमन धीर अपना खाता तक नहीं खोल सके। पावरप्ले में खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन के कारण टीम कभी मुकाबले में वापसी नहीं कर पाई। पूरी टीम महज 104 रनों पर सिमट गई, जो मुंबई के गिरते हुए फॉर्म को दर्शाता है।
सूर्यकुमार-तिलक की साझेदारी
शुरुआती झटकों के बाद सूर्यकुमार यादव (36) और तिलक वर्मा (37) ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 73 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिससे उम्मीद की किरण जगी थी। लेकिन जैसे ही 84 के स्कोर पर यह जोड़ी टूटी, मुंबई का पूरा मध्यक्रम और निचला क्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया। अगले 20 रनों के भीतर टीम ने अपने बाकी के सभी विकेट खो दिए। इन दोनों के अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका।
कप्तान हार्दिक पांड्या का फ्लॉप शो
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के लिए यह मैच व्यक्तिगत रूप से भी निराशाजनक रहा। वे पहले गेंदबाजी में काफी महंगे साबित हुए और फिर बल्लेबाजी में अपनी दूसरी ही गेंद पर मात्र 1 रन बनाकर आउट हो गए। मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान हार्दिक पांड्या का बयान काफी चर्चा में रहा। उन्होंने अपनी टीम के बल्लेबाजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब विपक्षी टीम (CSK) ने इसी पिच पर रन बनाए, तो हमें भी बेहतर बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। उन्होंने हार के लिए पावरप्ले में मोमेंटम की कमी को सबसे बड़ी वजह बताया।
आगामी मैचों के लिए मुंबई की चिंता
इस करारी हार के बाद मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2026 का सफर और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी और टीम के तालमेल पर अब सवाल उठने लगे हैं। जहाँ चेन्नई सुपर किंग्स इस बड़ी जीत के साथ अंक तालिका में मजबूत स्थिति में पहुँच गई है, वहीं मुंबई को अपनी रणनीति और बल्लेबाजी क्रम में बड़े बदलाव करने की जरूरत है ताकि वे टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें जिंदा रख सकें।









