Meta New Plan: बच्चों के लिए Meta का बड़ा प्लान, Facebook-Instagram पर लगेगी 2 घंटे की डेली लिमिट

Meta के नए प्लान ने बच्चों और किशोरों के Facebook-Instagram इस्तेमाल को लेकर बड़ी चर्चा छेड़ दी है। प्रस्तावित नियमों के तहत 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए रोजाना दो घंटे की डिफॉल्ट लिमिट होगी। रात में एक्सेस बंद और स्कूल टाइम में नोटिफिकेशन म्यूट करने की तैयारी है।

Facebook-Instagram पर लगेगी 2 घंटे की डेली लिमिट

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

अगस्त 27, 2026

Meta New Plan: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के इस्तेमाल को लेकर बच्चों और किशोरों के लिए Meta अब कई अहम बदलाव करने की तैयारी में है। Facebook और Instagram पर नाबालिग यूजर्स के बढ़ते इस्तेमाल और सोशल मीडिया की आदत को लेकर कंपनी लंबे समय से सवालों के घेरे में रही है। इसी बीच अमेरिका में बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े एक मामले को खत्म करने के लिए Meta एक बड़े समझौते पर सहमत हुई है।

इस समझौते के तहत कंपनी को करीब 17.1 अरब डॉलर तक का भुगतान करना पड़ सकता है। इसके अलावा नाबालिग यूजर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म पर कई नए नियम लागू किए जाएंगे। इनमें रोजाना इस्तेमाल की समय सीमा, रात में ऐप एक्सेस पर रोक, स्कूल के समय नोटिफिकेशन बंद करना और मजबूत पैरेंटल कंट्रोल जैसे कदम शामिल हैं।

ED Director Rahul Navin: ED निदेशक राहुल नवीन को एक साल का

Meta पर लगे थे गंभीर आरोप

अमेरिका में Meta के खिलाफ बच्चों और किशोरों को Facebook और Instagram पर ज्यादा समय बिताने के लिए प्रेरित करने वाले फीचर्स तैयार करने के आरोप लगाए गए थे। आरोपों में सोशल मीडिया के ऐसे डिजाइन और फीचर्स पर सवाल उठाए गए, जिनसे कम उम्र के यूजर्स के प्लेटफॉर्म पर लंबे समय तक बने रहने की संभावना बढ़ती है।

हालांकि Meta ने इन आरोपों को स्वीकार नहीं किया है। कंपनी का कहना है कि किशोरों के लिए सुरक्षित ऑनलाइन अनुभव उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रस्तावित समझौते को अभी अदालत की अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है।

Facebook और Instagram पर 2 घंटे की सीमा

Meta के नए प्लान का सबसे बड़ा बदलाव नाबालिग यूजर्स के दैनिक स्क्रीन टाइम से जुड़ा है। 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए Facebook और Instagram को मिलाकर रोजाना 2 घंटे की डिफॉल्ट लिमिट तय की जाएगी।

इसका मतलब यह है कि दोनों प्लेटफॉर्म पर बिताया गया समय एक ही कुल लिमिट में जोड़ा जाएगा। अगर कोई बच्चा इस निर्धारित सीमा को हटाकर ज्यादा समय तक ऐप इस्तेमाल करना चाहता है, तो इसके लिए माता-पिता की अनुमति जरूरी होगी।

रात में सोशल मीडिया का एक्सेस रहेगा बंद

बच्चों और किशोरों की रात की ऑनलाइन गतिविधि को सीमित करने के लिए Meta रात के समय भी प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित नियमों के अनुसार रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक Facebook और Instagram का एक्सेस बंद रहेगा।

इसके पीछे उद्देश्य नाबालिगों के देर रात तक सोशल मीडिया इस्तेमाल को कम करना है। इसके अलावा लगातार ऐप इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को बीच-बीच में ब्रेक लेने के लिए रिमाइंडर भी दिखाए जाएंगे।

स्कूल टाइम में नोटिफिकेशन होंगे म्यूट

Meta स्कूल के समय बच्चों का ध्यान सोशल मीडिया से हटाने के लिए नोटिफिकेशन को भी सीमित करने जा रही है। सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक डिफॉल्ट रूप से नोटिफिकेशन म्यूट रखने की योजना है।

हालांकि जरूरी सुरक्षा अलर्ट और सीधे संदेशों से जुड़े महत्वपूर्ण नोटिफिकेशन इस नियम से बाहर रह सकते हैं। इसका उद्देश्य पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया से होने वाले ध्यान भटकाव को कम करना है।

उम्र की जांच और पैरेंटल कंट्रोल पर जोर

नए प्लान में उम्र की पुष्टि करने वाली तकनीक को भी ज्यादा मजबूत करने की बात कही गई है। Meta यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेगी कि कम उम्र के यूजर्स के लिए निर्धारित सुरक्षा उपाय सही तरीके से लागू हों।

इसके साथ ही माता-पिता के लिए पैरेंटल कंट्रोल को अधिक आसान और प्रभावी बनाया जाएगा। बच्चों को नुकसान पहुंचाने वाले या उनकी उम्र के लिए अनुपयुक्त कंटेंट से बचाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी लागू किए जा सकते हैं।

लाइक्स और ब्यूटी फिल्टर पर भी बदलाव

नाबालिगों के लिए सोशल मीडिया अनुभव को कम दबाव वाला बनाने के उद्देश्य से कुछ अन्य बदलावों पर भी विचार किया गया है। इनमें बच्चों की पोस्ट पर लाइक और रिएक्शन की संख्या को हटाना तथा कुछ ब्यूटी फिल्टर को सीमित करना शामिल है।

कुल मिलाकर Meta का यह प्रस्ताव बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को नियंत्रित करने और ऑनलाइन सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब नजर अदालत की अंतिम मंजूरी और इसके बाद इन नियमों के लागू होने पर रहेगी।

Punjab News: बच्चों को मिली राहत! प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के आवेदन की