
UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बहुजन समाज पार्टी (BSP) अपनी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने 5 नवंबर को लखनऊ में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक को आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों और संगठन की मजबूती के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद भी मौजूद रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में मायावती पार्टी के नेताओं से संगठन की मौजूदा स्थिति पर चर्चा करेंगी। साथ ही आने वाले दिनों में बसपा किस तरह अपनी राजनीतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी, इस पर भी मंथन होगा। पार्टी की रणनीति क्या होगी और कार्यकर्ताओं को किस तरह सक्रिय किया जाएगा, इन तमाम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
6 दिसंबर की रैली से बसपा करेगी बड़ा शक्ति प्रदर्शन?
इस बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा 6 दिसंबर को लखनऊ में प्रस्तावित बसपा की बड़ी रैली हो सकती है। पार्टी इस कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी में जुटी है। माना जा रहा है कि मायावती इस रैली के जरिए पार्टी की ताकत और जमीनी पकड़ दिखाने की कोशिश करेंगी।

बैठक में रैली की पूरी रूपरेखा तैयार की जा सकती है। इसके साथ ही अलग-अलग जिलों से कितने कार्यकर्ता और समर्थक लखनऊ पहुंचेंगे, इसकी जिम्मेदारी भी पदाधिकारियों को दी जा सकती है। भीड़ जुटाने से लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने तक के लिए नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
चंद्रशेखर आजाद की रैली के जवाब में BSP का सियासी दांव?
बसपा की 6 दिसंबर की रैली को लेकर राजनीतिक गलियारों में एक और चर्चा तेज है। दरअसल, आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में बड़ी रैली करने का कार्यक्रम तय किया है। ऐसे में बसपा की रैली को चंद्रशेखर आजाद के शक्ति प्रदर्शन से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से इसे किसी के जवाब में आयोजित करने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक जानकारों की नजर दोनों कार्यक्रमों पर रहेगी।

खासतौर पर दलित राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही पार्टियों के बीच इन रैलियों को काफी अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि किस पार्टी की रैली में ज्यादा भीड़ जुटती है और किसका राजनीतिक संदेश जनता तक ज्यादा प्रभावी तरीके से पहुंचता है।
BSP के 100 से ज्यादा प्रत्याशी घोषित, संगठन को भी मिलेगा नया टास्क
मायावती की इस बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों पर भी खास चर्चा हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, बसपा अब तक 100 से ज्यादा प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है। पार्टी नेतृत्व की ओर से नवंबर तक प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया है। ऐसे में बैठक में उन सीटों पर भी चर्चा हो सकती है, जहां अभी प्रत्याशियों के नाम तय होने बाकी हैं। इसके अलावा घोषित उम्मीदवारों की तैयारियों, क्षेत्र में उनकी सक्रियता और संगठन के साथ तालमेल की समीक्षा भी की जा सकती है।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, सभी जिलाध्यक्षों और मंडल कोऑर्डिनेटरों को बुलाया गया है। माना जा रहा है कि मायावती इन नेताओं को चुनावी तैयारियों को लेकर स्पष्ट निर्देश दे सकती हैं। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने पर भी जोर दिया जा सकता है।
बैठक के बाद दिल्ली रवाना होंगी मायावती
लखनऊ में 5 नवंबर को होने वाली बैठक खत्म होने के बाद मायावती दिल्ली के लिए रवाना होंगी। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में उन्हें एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होना है। फिलहाल, 5 नवंबर की बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हैं। एक तरफ 6 दिसंबर की बड़ी रैली की तैयारी है, तो दूसरी तरफ आगामी चुनावों को लेकर प्रत्याशियों और संगठन की रणनीति तैयार की जानी है। ऐसे में यह बैठक बसपा के अगले राजनीतिक कदमों के लिहाज से काफी अहम रहने वाली है।











